02/04/26

पंचकूला: चलते ट्रक में लगी भीषण आग, गेहूं की पूरी फसल जलकर राख

पंचकूला, 2 अप्रैल (अन्‍नू): हरियाणा के पंचकूला जिले में एक बार फिर नेशनल हाईवे पर रफ्तार के बीच आग का तांडव देखने को मिला। जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर पिंजौर-सूरजपुर के समीप एक चलते हुए ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरा ट्रक जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। गनीमत यह रही कि ट्रक से धुआं उठता देख चालक और परिचालक समय रहते केबिन से बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।



299 क्विंटल गेहूं जलकर खाक ट्रक चालक मोहम्मद मोनीश और मालिक रियाज खान ने बताया कि ट्रक उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से करीब 299 क्विंटल गेहूं लादकर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की बद्दी मंडी जा रहा था। रास्ते में अचानक लगी इस आग ने पूरी खेप को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।



प्रशासनिक कार्रवाई और चालक का आरोप घटना की सूचना मिलते ही अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत कालका फायर स्टेशन को सूचित किया। हालांकि, ट्रक चालक मोहम्मद मोनीश ने अग्निशमन विभाग पर देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। चालक के अनुसार, जब तक टीम आई, तब तक ट्रक और उसमें लदा लाखों का गेहूं पूरी तरह जल चुका था।


कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्राथमिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। हाईवे पर जले हुए ट्रक को हटाकर यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



#PanchkulaNews #TruckFire #HaryanaUpdate #HighwayAccident #Pinjore #FireSafety #ShimlaHighway #LiveNews #DanikKhabar

Previous

मानवता के आधार पर मध्य पूर्व युद्ध के बीच हार्मुज में फसे नाविकों के भोजन का इंतजाम करे ईरान

Next

कंबाइन हार्वेस्टरों को मिलेगी टोल से छूट - मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश