14/07/26

पंचकूला: पुष्पवर्षा, सम्मान और आंसुओं के बीच DCP सृष्टि गुप्ता को दी गई भावुक विदाई, कार्यकाल में अपराधों में आई भारी कमी

पंचकूला, 14 जुलाई (अन्‍नू): पंचकूला पुलिस में अपने कार्यकाल के दौरान सकारात्मक पुलिसिंग, जनसहभागिता और प्रभावी अपराध नियंत्रण से एक अलग पहचान बनाने वाली डीसीपी (DCP) सृष्टि गुप्ता को सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में एक भावपूर्ण और गरिमामयी समारोह में विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके नेतृत्व व मानवीय दृष्टिकोण को याद करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया। विदाई के इन पलों में कई पुलिसकर्मी भावुक नजर आए।

पंचकूला की हर उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत: सृष्टि गुप्ता

अपनी विदाई पर अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए भावुक मन से डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा, "पंचकूला में मिली हर उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हमारी सभी टीमों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। मैं अपने साथ पंचकूला पुलिस की खूबसूरत यादें, महत्वपूर्ण सीख और आप सभी का अगाध स्नेह लेकर जा रही हूं। यह कार्यकाल मेरे जीवन में हमेशा यादगार रहेगा।"

आंकड़ों में डीसीपी सृष्टि गुप्ता की बड़ी कामयाबी:

उनके कार्यकाल के दौरान पंचकूला में अपराध ग्राफ में भारी गिरावट दर्ज की गई, जो उनके कुशल नेतृत्व को दर्शाती है:

  • महिला विरुद्ध अपराधों में: 26 प्रतिशत की कमी

  • वाहन चोरी के मामलों में: 27.5 प्रतिशत की कमी

  • चोरी की सामान्य घटनाओं में: 31 प्रतिशत की कमी

  • स्नैचिंग की वारदातों में: 30 प्रतिशत की कमी

  • सेंधमारी (Burglary) के मामलों में: 25 प्रतिशत की कमी

लोगों के मन से दूर किया खाकी का डर

समारोह में मौजूद पुलिसकर्मियों ने याद किया कि डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने अपने कार्यकाल में पुलिस और आमजन के बीच के फासले को कम कर विश्वास का एक मजबूत रिश्ता कायम किया। उन्होंने महिला सुरक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। आम जनता की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुनने के अलावा उन्होंने युवाओं को नशे और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस बल को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को हमेशा आगे बढ़कर सम्मानित किया।

#PanchkulaNews #DCPसृष्टिगुप्ता #PanchkulaPolice #FarewellCeremony #HaryanaPolice #WomenSafety #CrimeControl #BreakingNews

Previous

रामपुर सरसेहरी के मॉडल संस्कृति स्कूल में नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा एवं योग शिविर का आयोजन, 200 लोगों की हुई जांच

Next

अमेरिका गए रिटायर्ड अधिकारी के बंद मकान में लाखों की चोरी: ₹1 लाख कैश, ब्रांडेड जूते और कीमती साड़ियां समेट ले गए चोर