पलवल: पारिवारिक कलह ने लिया कानूनी रूप, बेटे ने अपनी ही मां पर दर्ज करवाया मोबाइल चोरी का केस
हरियाणा/पलवल, 1 अप्रैल (अन्नू): हरियाणा के पलवल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपनी सगी मां के खिलाफ मोबाइल फोन चोरी करने की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। यह घटना तब हुई जब छात्र अपनी 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने स्कूल गया था। आरोप है कि परीक्षा के दौरान उसकी मां ने स्कूल के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी से फोन निकाल लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
घटना 12 मार्च की है, जब न्यू कॉलोनी निवासी हितेश गर्ग अपने दादा की स्कूटी लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचा था। परीक्षा शुरू होने से पहले उसने अपना कीमती मोबाइल फोन सुरक्षा के लिहाज से स्कूटी की डिग्गी में रख दिया था। पेपर खत्म होने के बाद जब वह वापस लौटा, तो डिग्गी से फोन गायब मिला। स्कूल प्रशासन की मदद से जब सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो फुटेज में उसकी मां, चारू गर्ग, स्कूटी की डिग्गी खोलकर फोन ले जाती हुई दिखाई दीं।
इस मामले के पीछे गहरे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हितेश के पिता, डॉ. मनीष गर्ग, हथीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) के पद पर तैनात हैं। उनका अपनी पत्नी चारू के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रहते हैं। हितेश अपने दादा, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल कृष्ण चंद के पास रहता है। जब इस संबंध में डॉ. मनीष से बात की गई, तो उन्होंने इसे अपनी पत्नी की हरकत बताते हुए पल्ला झाड़ लिया।
हथीन गेट चौकी पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद शुरुआत में इसे पारिवारिक मामला समझकर आपसी समझौते का प्रयास किया गया था। हालांकि, जब दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई, तो पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। चौकी प्रभारी शेर सिंह तंवर ने बताया कि सीसीटीवी साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
#PalwalNews #HaryanaPolice #FamilyDispute #CrimeNews #ViralNews #PalwalPolice #CCTVFootage #DanikKhabar