‘एक दिन, एक घण्टा, एक साथ’ थीम पर आमजन की सहभागिता से आयोजित हुआ स्वच्छता अभियान
एन.एस.बाछल, 27 सितम्बर, जयपुर।
केंद्रीय वन , पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा राज्य के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शुक्रवार को अलवर के हृदय स्थल होप सर्कस पर सेवा पखवाडे के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घण्टा, एक साथ’ थीम पर आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की अगुवाई कर 40 से अधिक संगठनों व बडी संख्या में आमजन की सहभागिता से सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान मंत्रीगणों ने आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाकर स्वच्छ अलवर का संदेश दिया तथा विकसित भारत क्विज के पोस्टर व स्वच्छता बैग का विमोचन किया।
भूपेन्द्र यादव ने कहा कि स्वच्छता ईश्वर के नजदीक ले जाने का विषय है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में परिवेश को सुन्दर व स्वच्छ बनाया जाना अहम घटक है। इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन चलाकर हर घर में शौचालय बनवाने का कार्य किया गया जिससे देश में स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन आया है। इससे आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ स्वच्छता के महत्व को भी बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा, सेवा ही राष्ट्र निर्माण का कार्यक्रम है। अलवर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने का काम केवल सफाई कर्मचारियों का ही नहीं हैं, हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वर्ष 2025 की स्वच्छता क्रांति में हम सभी को सामूहिक जनसहभागिता के साथ आगे आकर अलवर को स्वच्छ व सुन्दर शहर बनाने की दिशा में काम करने की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अलवर को लीगेसी वेस्ट मुक्त करने में निरन्तर कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में जीरो लीगेसी वेस्ट करने की दिशा निरन्तर सार्थक प्रयास किए जाएंगे। होप सर्कस से सागर जलाशय तक नाइट ट्यूरिज्म विकसित करने का भी कार्य किया जा रहा है। अलवर जिले के 16 सरकारी स्कूलों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें स्वच्छता मॉडल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन कार्य कर रहा है।
वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि अलवर शहर को स्वच्छ व सुन्दर शहर बनाने की दिशा में निरन्तर प्रयास जा रहे हैं। श्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व व मार्गदर्शन में अलवर जिले को स्वच्छता सर्वेक्षण में 54वां स्थान तथा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में देश के 130 शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त होना सभी अलवरवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि एक दिन, एक घण्टा, एक साथ अभियान को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में ढालकर अपने गली-मौहल्ले में स्वच्छता अभियान चलाकर शहर की स्वच्छता में सहयोग करने की महती आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार कर स्वच्छता अभियान को जन आन्दोलन बनाने में अपनी सार्थक भूमिका निभाएं।
ऑटो टिपर से कचरा इकट्ठा कर दिया निर्धारित स्थल पर कचरा डालने का संदेश-
भूपेन्द्र यादव एवं संजय शर्मा ने स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान ऑटो टिपर चलाकर शहर से कचरा इकट्ठा कर आमजन को निर्धारित स्थान पर कचरा डालने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में 125 ऑटो टिपर संचालित है जो घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करते हैं। आमजन कचरे को गीले व सूखे के रूप में पृथक करने के बाद ही ऑटो टिपर में डाले।
स्कूटी पर सवार होकर लिया सफाई व्यवस्था का जायजा -
मंत्रीगणों ने स्कूटी पर सवार होकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर शहर को स्वच्छ बनाने में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अलवर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए हम सभी को सार्थक प्रयास करने होंगे । उन्होंने स्वच्छता के प्रति न केवल स्वयं जागरूक रहने बल्कि अन्य लोगों को भी जागरूकता करने पर जोर दिया।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026 के पोस्टर को किया लॉन्च-
कार्यक्रम के दौरान भूपेन्द्र यादव एवं संजय शर्मा ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026 के पोस्टर का विमोचन किया। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए बच्चों में लीडरशिप विकसित करना बेहद जरूरी है, इसी सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री यंग लीडर डायलॉग शुरू किया गया। इसमें बच्चें आवेदन करें, चयनित बच्चों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा। इस संवाद की शुरुआत ‘माई भारत क्विज’ से होगी, जो 12 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस क्विज में कुल 20 प्रश्न होंगे। सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा एवं प्रथम चरण प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 15 अक्टूबर तक mybharat.gov.in/quiz के माध्यम से क्विज में भाग ले सकते हैं।
चार जोन में बांटकर 40 से अधिक संगठनों व आमजन ने सहभागिता से की सफाई-
स्वच्छता अभियान के तहत अलवर शहर के प्रमुख स्थानों को चार जोन में बांटकर 40 से अधिक संगठनों एवं आमजन से सामूहिक सहभागिता से सफाई की, जिसमें जोन ए में होप सर्कस से कंट्रोल रूम तक मुख्य मार्ग तथा दोनों तरफ की गलियों में स्काउट गाइड फैलो, लायंस क्लब चार यूनिट, ऑटो मोबाइल एसोसिएशन, आरडीएनसी मित्तल फाउण्डेशन, सुभाष नगर योगा ग्रुप, चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स, एमआईए एसोसिएशन, मानव उत्थान सेवा आश्रम, गुरूद्वारा समिति व लघु भारती ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी प्रकार जोन बी में होप सर्कस से त्रिपोलिया तक मुख्य मार्ग तथा दोनों तरफ की गलियों में डेरा सच्चा सौदा, श्री सर्राफा बाजार व्यापार समिति, अलवर रेडिमेड गारमेंट एसोसिएशन, अलवर नमकीन एसोसिएशन, गायत्री परिवार, बार काउंसिल एसोसिएशन, भारतीय योग संस्थान व आइएमए अलवर , जोन सी में होप सर्कस से काशीराम चौराहा तक मुख्य मार्ग तथा दोनों तरफ की गलियों में गणेश मार्केट व्यापार संघ, क्रॉकरी व्यापार महासंघ, कलाकंद मार्केट एसोसिएशन, चूडी मार्केट विकास समिति, यूडी मार्केट ठेली पटरी मजदूर यूनियन, गणेश मार्केट व्यापार संघ, सब्जी मंडी एसोसिएशन, भारतीय जनता पार्टी, सेनेटरी क्लब ने साफ-सफाई की तथा डी जोन में होप सर्कस से केडलगंज तक मुख्य मार्ग तथा दोनों तरफ की गलियों में किराना व्यापार संघ, केडलगंज व्यापारिक संचालन समिति, केडलगंज ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, हलवाई विकास समिति, ठेली मजदूर यूनियन, अलवर साडी डीलर्स एसोसिएशन, वीर चौक व्यापार समिति, क्राकरी व्यापार महासंघ एवं कृषि उपज मंडी से जुड़े लोगों ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan