अम्बाला: CIA-1 की बड़ी सफलता; घर से चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवरात और लैपटॉप बरामद
अम्बाला, 1 सितंबर (अन्नू): अम्बाला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-01 (CIA-1) टीम को बड़ी सफलता मिली है। 22 अगस्त 2026 को थाना पंजोखरा साहिब में डिफेंस कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 से 21 अगस्त के बीच अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर की अलमारी से सोने की चेन, चांदी की पायल और एक लैपटॉप चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-1 को सौंपी थी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचे गए दोनों आरोपी
सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक परमवीर सिंह के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक उप निरीक्षक दलबीर सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व सूचना तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शुभम (निवासी दलीपगढ़, बब्याल रोड, अम्बाला छावनी) और शुभम (निवासी अमरपुरी कॉलोनी, महेशनगर, अम्बाला छावनी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान सकुशल बरामद कर लिया है।
पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश, न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। अम्बाला पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
#AmbalaNews #HaryanaPolice #AmbalaPolice #CrimeNews #AmbalaCantt #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, विद्यालयों में सुरक्षित भवन, स्वच्छ शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें- मुख्य सचिव राजस्थान
Next