अब हर वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाएगा राजस्थान दिवस
एन.एस. बाछल, 30 मार्च, जयपुर।
राजस्थान दिवस (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के उपलक्ष्य में राज्य सरकार प्रदेशभर में साप्ताहिक महोत्सव आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में 30 मार्च (रविवार) को राजस्थान दिवस पर जयपुर में सायंकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में इस आयोजन में लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान विधानसभा में वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा का प्रत्युत्तर देते हुए हर वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर भारतीय रीति-नीति से राजस्थान दिवस मनाए जाने की घोषणा की थी। जिसके तहत 25 से 31 मार्च तक राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
राजस्थान दिवस पर सभी जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन—
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर राजस्थान दिवस मनाए जाने के क्रम में प्रदेश के सभी जिलों में लोक कलाकारों द्वारा कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी प्रकार प्रत्येक जिले में राष्ट्रीय भावना पर आधारित कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। साथ ही, सभी जिला मुख्यालयों पर ‘रन फॉर फिट राजस्थान’ का आयोजन भी होगा। वहीं प्रदेश के देवस्थानों में विशेष पूजा-पाठ की जाएगी। इन आयोजनों में राजस्थान की बहुरंगी संस्कृति, लोकनृत्य एवं लोक कला देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर राजस्थान दिवस मनाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान दिवस (30 मार्च, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि राजस्थान दिवस को भारतीय संस्कृति के अनुरूप बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाएं। सभी आमजन अपने घरों में दीपक जलाएं, घर के द्वार पर बांधनवार लगाकर रोशनी करें तथा विकसित राजस्थान बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य करें।