नारनौल: नगर परिषद चेयरपर्सन के पुराने सिनेमा हॉल में भीषण आग, संकरी गली ने बढ़ाई दमकल विभाग की मुश्किलें
नारनौल, 24 अप्रैल (अन्नू): हरियाणा के नारनौल में नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी के स्वामित्व वाले पुराने सिनेमा हॉल, 'मोहिनी', में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। नगर परिषद के ठीक सामने मोहिनी गली में स्थित यह सिनेमा हॉल पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा था। वर्तमान में इसे मल्टीप्लेक्स के रूप में विकसित करने के लिए रिनोवेशन और फर्नीचर का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हॉल के ऊपरी मंजिल पर सुबह करीब पौने 11 बजे धुआँ उठता दिखाई दिया।
वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हॉल के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। आग लगने का कारण वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी को माना जा रहा है, जो पास ही रखी फोम पर गिर गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत यह रही कि सामने ही फायर ब्रिगेड सेंटर होने के कारण दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
संकरी गली और मजदूरों की चिंता
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुँचीं, लेकिन गली संकरी होने के कारण गाड़ियां सिनेमा हॉल के पास तक नहीं पहुँच पाईं। इस चुनौती से निपटने के लिए एक गाड़ी को नगर परिषद की ओर से और दूसरी को रेवाड़ी रोड की तरफ खड़ा किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी दूरी से पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी मदद की।
पड़ोसियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने चिंता जताई है कि रिनोवेशन का काम चलने के कारण हॉल के अंदर मजदूर मौजूद हो सकते हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा मलबे और हॉल के अंदर खोजबीन की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फँसा न हो।
#NarnaulNews #FireIncident #MohiniCinema #HaryanaNews #FireSafety #RescueOperation #MunicipalCouncil #LocalUpdates #DanikKhabar
Previous
पंचकूला: दुकान के बाहर खड़ी 'KING DJ' लिखी बोलेरो पिकअप चोरी, CCTV में कैद हुए तीन चोर
Next