नारायणगढ़ नगर पालिका का अतिक्रमण पर 'डंडा', मुख्य बाज़ार से जप्त किया गया सड़क पर फैला सामान
जे कुमार, नारायणगढ़, 7 दिसम्बर 2025 : नारायणगढ़ नगर पालिका ने आज मुख्य बाज़ार क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक और सख्त अभियान चलाया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बावजूद सड़क पर सामान फैलाकर रखने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की गई है।
चेतावनी की अनदेखी पर कार्रवाई : नगर पालिका प्रशासन द्वारा कई बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ दुकानदारों ने सड़क पर कब्जा करना जारी रखा। लगातार चेतावनियों की अनदेखी के चलते आज नगरपालिका की एंटी-एन्क्रोचमेंट टीम ने पुलिस बल और अधिकारियों के साथ मिलकर सख़्त कदम उठाया।
अभियान के दौरान, नगरपालिका कर्मचारियों ने सड़क पर रखे रेहड़ी-सामान, गत्ते, प्लास्टिक क्रेट्स और अन्य सामान को तुरंत उठाकर ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर जब्त कर लिया।
सफाई इंचार्ज ने दिया स्पष्ट संदेश : नगर पालिका के सफाई इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, "सड़कें सार्वजनिक हैं, किसी भी व्यक्ति को उन पर कब्ज़ा करने या व्यापार फैलाने का अधिकार नहीं है। कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन लगातार उल्लंघन के कारण मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी।"
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि कोई दुकानदार दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़े चालान, जुर्माना और सामान की जब्ती की कार्रवाई दोबारा की जाएगी। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि इससे बाज़ार में भीड़भाड़ कम होगी, जिससे पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी।
#ambala #narayanagarh #news #municipality-cracks-down #encroachment-seizes-