नारायणगढ़: क्रिकेट मैच की रंजिश में मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला
अम्बाला, 24 अप्रैल (अन्नू): नारायणगढ़ के फतेहपुर गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुई एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। रंजिश के चलते पांच युवकों ने 20 अप्रैल की शाम को गांव में ही मेडिकल स्टोर चलाने वाले 28 वर्षीय मोहित कुमार पर तलवारों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि पीड़ित को प्राथमिक उपचार के बाद पंचकूला सेक्टर-6 रेफर करना पड़ा।
दुकान में घुसकर की मारपीट
घायल मोहित ने बताया कि 19 अप्रैल को क्रिकेट मैदान में गौरव और ऋतिक के साथ उसकी बहस हुई थी। इसी रंजिश को पालते हुए 20 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे गौरव, अभिषेक, ऋतिक, वंश और मनीष उसकी दुकान पर पहुंचे। मोहित के अनुसार, अभिषेक और गौरव के हाथों में तलवारें थीं, जबकि ऋतिक लोहे की रॉड लिए हुए था। आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर उसके सिर, कमर और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। वे उसे घायल अवस्था में घसीटते हुए दुकान से बाहर गली में ले गए। जब मोहित ने शोर मचाया, तब आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उसे हमलावरों से बचाया।
लूटपाट का भी आरोप
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर न केवल उसे लहूलुहान कर गए, बल्कि जाते समय उसके गले से दो तोले की सोने की चेन भी छीन ले गए। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। एएसआई रामकरण ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#Narayangarh #CrimeNews #MedicalStoreAttack #LocalViolence #HaryanaPolice #AssaultCase #JusticeForMohit #CrimeUpdate #AmbalaNews
Previous
आज का राशिफल 24 अप्रैल 2026
Next