24/04/26

अंबाला: जननायक एक्सप्रेस में बाल तस्करी का पर्दाफाश, 11 बच्चे मुक्त; पंजाब के कारखानों में मजदूरी के लिए ले जाए जा रहे थे

अंबाला, 24 अप्रैल (अन्‍नू): अंबाला में एक बार फिर बाल तस्करी का मामला सामने आया है। जिला युवा विकास संगठन और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने बड़ी तत्परता दिखाते हुए जननायक एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15211) में छापेमारी की और 11 मासूम बच्चों को बाल तस्करी के चंगुल से मुक्त कराया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये बच्चे बिहार और उत्तराखंड के रहने वाले थे, जिन्हें जबरन पंजाब के विभिन्न डेयरी फार्मों और कारखानों में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था।


गुप्त सूचना पर पुलिस का एक्शन


जिला युवा विकास संगठन के प्रधान परमजीत सिंह बडोला ने बताया कि उन्हें 'जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन' के माध्यम से इस तस्करी की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बुधवार रात करीब 9:10 बजे संगठन और पुलिस विभाग ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। कार्यक्रम समन्वयक अजय तिवारी ने आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और मानव तस्करी निरोधक इकाई (AHTU) के साथ मिलकर ट्रेन में गहन जांच अभियान चलाया।


सफल रहा संयुक्त ऑपरेशन


इस सफल अभियान में आरपीएफ की एसआई कविता, एएसआई विपिन कुमार और एएचटीयू की टीम से एसआई नरेंद्र कुमार व जसविंदर सिंह के साथ हरदीप नडियाली और हाकम सिंह की अहम भूमिका रही। सुरक्षा बलों और संगठन की इस तत्परता ने 11 बच्चों को एक अंधकारमय भविष्य से बचा लिया। फिलहाल इन बच्चों को संरक्षण में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



#AmbalaNews #ChildTrafficking #OperationRescue #JanNayakExpress #ChildProtection #DanikKhabar #AntiHumanTrafficking #SaveChildren #PunjabPolice #AmbalaUpdates

Previous

नारायणगढ़: क्रिकेट मैच की रंजिश में मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला

Next

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए डिजिटल लगेज लॉकर की सुविधा: एसी वेटिंग हॉल में मिलेगा आधुनिक क्लॉक रूम