30/01/25

हरियाणा के लिए 2025-A26 हेतु नाबार्ड ने घोषित किया 3.14 लाख करोड़ रुपये का क्रेडिट प्लान

चंडीगढ़, 30 जनवरी (अभी): हरियाणा के मुख्य सचिव डाॅ. विवेक जोशी ने वीरवार को चंडीगढ़ में राज्य क्रेडिट सेमिनार के दौरान नाबार्ड के स्टेट फोकस पेपर (एस.एफ.पी.) का विमोचन किया। कृषि, एम.एस.एम.ई., शिक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा आदि प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए ऋण संभाव्यता का आकलन करने के लिए नाबार्ड के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह किसान कल्याण और ग्रामीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। सरकार राज्य में फसल विविधिकरण, जलवायु-अनुकूल कृषि, झींगा पालन और सब्जी कलस्टरों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बैंकों, सरकारी विभागों, नाबार्ड, एस.एल.बी.सी., शैक्षणिक संस्थानों समेत सभी हितधारकों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने का भी आग्रह किया। मुख्य सचिव ने कहा कि यह स्टेट फोकस पेपर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए इस वर्ष चलाई जाने वाली गतिविधियों के लिए एक बेंचमार्क और मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा हरियाणा  कृषि में हमेशा आगे रहा है और देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हमारे किसानों ने अपने अथक प्रयासों से प्रदेश को ‘देश की ब्रैड बास्केट’ बना दिया है। हालांकि, हमें घटते भूजल, कम होती भूमि जोत, एम.एस.एम.ई. क्षेत्र की वृद्धि और जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों को स्वीकार करते हुए, इनके लिए तत्काल और अभिनव समाधान खोजने की आवश्यकता है। राज्य सरकार द्वारा इन चुनौतियों से निपटने कई योजनाएं चलाई जा रही हैं और किसानों को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। राज्य क्रेडिट सेमिनार में नाबार्ड, बैंकों, राज्य सरकार वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रदेश के उच्च शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए। 

Previous

कैबिनेट मंत्री अनिल विज की नाराजगी के बीच बड़ा बयान : "नायब सैनी जब से मुख्यमंत्री बने है तब से उड़न खटोले पर है, ये सिर्फ उनकी नहीं बल्कि सभी MLA और मंत्रियों की आवाज है"

Next

सेम की समस्या को ख़त्म करने के लिए अधिकारी बनाएं ठोस योजना : कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा