हरियाणा में मानसून पर लगा ब्रेक: 20 जुलाई तक उमस और गर्मी, आज 16 जिलों में यलो अलर्ट; जानें मौसम का पूरा हाल
हरियाणा/मौसम, 16 जुलाई (अन्नू): हरियाणा में मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में लोगों को भारी बारिश के लिए अभी तीन दिन का और इंतजार करना होगा। मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा फिलहाल हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ रही है, जिसके चलते प्रदेश में 20 जुलाई तक मानसून की गतिविधियों में कमी बनी रहेगी। हालांकि, 20 जुलाई के बाद मानसून की ट्रफ नीचे आने से राज्य में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।
आज 16 जिलों में उमस और गर्मी का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 22 में से 16 जिलों में भारी उमस और चिलचिलाती गर्मी को लेकर बकायदा यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोग दिनभर पसीने से तर-बतर रहेंगे।
इन जिलों में रहेगा असर: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात (नुह) में आज भारी उमस का दौर जारी रहेगा।
उत्तर हरियाणा में छिटपुट बारिश की संभावना
गर्मी के बीच उत्तर हरियाणा के जिलों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है।
19 जुलाई से करवट लेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को भी स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी और पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में उमस का अलर्ट रहेगा। लेकिन 19 जुलाई से मौसम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जब मानसून एक बार फिर करवट लेगा और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी।
तापमान का हाल: नारनौल सबसे गर्म, करनाल में सबसे ठंडी रात
औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C ऊपर चल रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान तापमान का लेखा-जोखा इस प्रकार रहा:
नारनौल रहा सबसे गर्म: महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 40.2°C, सिरसा में 38.6°C और अंबाला व गुरुग्राम में पारा 38.0°C दर्ज किया गया।
करनाल में रही राहत: बुधवार सुबह तक हुई बारिश के कारण करनाल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.9°C दर्ज किया गया, जिससे वहां रात थोड़ी ठंडी रही। वहीं, सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान सिरसा में 30.0°C और अंबाला में सामान्य से अधिक 29.4°C रिकॉर्ड किया गया।
#HaryanaWeather #MonsoonUpdate #IMDAlert #HaryanaMonsoon #HeatwaveHaryana #AmbalaWeather #RainForecast #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
साइबर सैल की बड़ी कामयाबी: अंबाला पुलिस ने बरामद किए ₹7.72 लाख के 40 गुमशुदा मोबाइल, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
Next