मोहाली: एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के ASI पर जानलेवा हमला, पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा
पंजाब/मोहाली, 27 फरवरी (अन्नू): पंजाब के मोहाली में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाली एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हरविंदर सिंह के साथ मारपीट और अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नशा तस्करों ने बदले की भावना से पुलिस अधिकारी को निशाना बनाया और गंभीर रूप से घायल करने के बाद उन्हें सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सोहाना थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान नवदीप, संजू, बलविंदर उर्फ बिल्ला, रमनीत और जगदीप उर्फ जगी के रूप में हुई है।
यह घटना 24 और 25 फरवरी की दरम्यानी रात की है, जब एएसआई हरविंदर सिंह भोजन लेने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान एक ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार युवकों ने उनसे एयरपोर्ट का रास्ता पूछने के बहाने रोका। जैसे ही अधिकारी मदद के लिए कार के करीब पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया। कार के भीतर उन्हें बुरी तरह पीटा गया और आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि यह हमला 'चिट्टा' (सिंथेटिक ड्रग्स) के मामलों में उनके साथियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का बदला है। तस्करों ने उन्हें चेतावनी भी दी कि भविष्य में नशा तस्करों पर हाथ न डालें।
हमलावर एएसआई को बेहोश समझकर रास्ते में फेंक कर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें देखा और तुरंत अस्पताल पहुँचाया। मेडिकल रिपोर्ट में उनके शरीर पर तीन गंभीर चोटों (ब्लंट इंजरी) की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, जिसमें हत्या का प्रयास (धारा 109), अपहरण (धारा 140-1) और गैरकानूनी जमावड़ा शामिल है, के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुँचा जा सके।
#MohaliNews #PunjabPolice #ANTF #DrugMafia #CrimeUpdate #MohaliAlert #LawAndOrder #SayNoToDrugs #PoliceUnderAttack