मानसा: कचहरी रोड के घटिया निर्माण पर डीसी सख्त, 5 सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी करेगी जांच
पंजाब/मानसा, 3 अप्रैल (अन्नू): पंजाब के मानसा जिले में कचहरी रोड के निर्माण में बरती गई कथित लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। महज एक महीना पहले बनी सड़क के टूटने और उसकी जर्जर हालत को लेकर मिल रही शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डिप्टी कमिश्नर (डीसी) नवजोत कौर ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से संबंधित विभाग और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
पंजाब सरकार की विकास कार्यों में 'जीरो टॉलरेंस' और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की नीति का हवाला देते हुए डीसी नवजोत कौर ने इस मामले की तह तक जाने के लिए एसडीएम मानसा की अध्यक्षता में एक 5 सदस्यीय विशेष तकनीकी समिति का गठन किया है। यह समिति न केवल सड़क के निर्माण की गुणवत्ता को परखेगी, बल्कि पूरी टेंडर प्रक्रिया के रिकॉर्ड को भी खंगालेगी।
डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच टीम मौके पर जाकर सड़क की पूरी पैमाइश करेगी। साथ ही, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उसके नमूने (सैंपलिंग) लेकर लैब में टेस्टिंग करवाई जाएगी। नगर कौंसिल मानसा के कार्यसाधक अधिकारी को हिदायत दी गई है कि वे डीएनआईटी और टेंडर से संबंधित तमाम दस्तावेज तुरंत कमेटी के सुपुर्द करें।
इस जांच दल में एसडीएम मानसा के अलावा पंजाब मंडी बोर्ड (बठिंडा) के निगरानी व कार्यकारी अभियंता और नगर कौंसिल के अधिकारी शामिल किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में सामग्री घटिया पाई जाती है या मानकों की अनदेखी की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
#MansaNews #PunjabDevelopment #ZeroTolerance #MansaDC #RoadConstruction #PublicGrievance #PunjabPolice #DanikKhabar