चंडीगढ़ मर्डर केस में बड़ा अपडेट: कुमार मेडिकल के कैशियर के हत्यारों का सेक्टर-25 के जंगलों में एनकाउंटर
चंडीगढ़, 18 जून (अन्नू): चंडीगढ़ के हाई-प्रोफाइल सेक्टर-11 स्थित 'श्री कुमार मेडिकल स्टोर' के कैशियर जानकी दास हत्याकांड में आज तड़के एक बेहद सनसनीखेज मोड़ आ गया। बुधवार को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर चंडीगढ़ लाए जा रहे दोनों मुख्य शूटरों ने पुलिस कस्टडी से भागने की दुस्साहसिक कोशिश की।
सेक्टर-25 के जंगली इलाके के पास हुई इस मुठभेड़ (Encounter) में चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के पैरों में गोलियां मारकर उन्हें दोबारा दबोच लिया। इस दौरान दोनों आरोपी और पुलिस गाड़ी का ड्राइवर घायल हो गए हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
सुबह 5 बजे सेक्टर-25 के जंगलों में हुआ एनकाउंटर
पुलिस सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, यह पूरी मुठभेड़ आज सुबह करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच घटित हुई। इस बेहद संवेदनशील और बड़े ऑपरेशन को चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र पटेल (पटियाला) खुद ग्राउंड पर लीड कर रहे थे। एनकाउंटर के दौरान मुख्य हमलावर शूटर सन्नी मेहरा को 2 गोलियां और उसके दूसरे साथी शूटर आर्यन को 1 गोली लगी है। दोनों शूटरों की टांगों में गोली लगी है और वे फिलहाल चल पाने की स्थिति में नहीं हैं।
कैसे घटी घटना? पेड़ से टकराई गाड़ी और पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागे बदमाश
सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की विशेष टीमें दोनों शूटरों को जम्मू से कड़ी सुरक्षा के बीच सरकारी गाड़ी में वापस चंडीगढ़ लेकर आ रही थीं:
ड्राइवर की लगी आंख, टकराई गाड़ी: लगातार कई दिनों से न सोने और भारी थकान के कारण सेक्टर-25 चितकारा मार्ग के पास जंगल एरिया से गुजरते समय पुलिस गाड़ी के ड्राइवर की अचानक आंख लग गई, जिससे अनियंत्रित होकर गाड़ी सीधे एक पेड़ से जा टकराई।
पिस्तौल छीनकर की फायरिंग: गाड़ी टकराते ही मचे हड़कंप का फायदा उठाकर दोनों शातिर शूटरों ने एक पुलिसकर्मी पर झपट्टा मारा और उसकी सरकारी पिस्तौल छीनकर जंगल की तरफ भागने लगे। बदमाशों ने पुलिस टीम को पीछे हटाने के लिए उन पर 2 राउंड सीधे फायर भी झोंक दिए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई: खुद पर हुए हमले और आरोपियों को भागता देख इंस्पेक्टर हरिंदर और इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाला ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की सटीक काउंटर फायरिंग में दोनों बदमाश पैरों में गोली लगने से जमीन पर गिर पड़े। इस पूरी दुर्घटना और आपाधापी में पुलिस गाड़ी के ड्राइवर की गर्दन में भी गंभीर चोट आई है।
गिरफ्तारी के बाद वायरल हुआ था गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का धमकी भरा ऑडियो
इस एनकाउंटर से ठीक कुछ घंटे पहले, यानी बुधवार रात को सोशल मीडिया पर कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की आवाज में एक बेहद चौंकाने वाला और धमकी भरा ऑडियो संदेश वायरल हुआ था (हालांकि, समाचार मीडिया इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है)।
वायरल ऑडियो में गैंगस्टर ने सीधे तौर पर पुलिस को धमकी देते हुए कहा था: "मैं गोल्डी ढिल्लों, आज हमारे दो भाइयों आर्यन और सन्नी मेहरा को चंडीगढ़ पुलिस ने अरेस्ट किया है। उनकी सिर्फ कानूनी अरेस्ट (गिरफ्तारी) ही दिखाई जाए। अगर किसी ने भी हमारे भाइयों का कोई नुकसान किया या करने की कोशिश की, तो इसका रिजल्ट (अंजाम) पुलिस को साथ के साथ दिया जाएगा। हम कोई दिन तय नहीं करेंगे। अगर पुलिस किसी के प्रेशर (दबाव) में आकर हमारे भाइयों का एनकाउंटर या नुकसान करती है, तो हम जायज-नाजायज नहीं देखेंगे। इसका रिजल्ट हम बहुत जल्द देंगे। वेट एंड वॉच।"
गैंगस्टर की इस खुली धमकी के बाद चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारी और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर थीं, और आज सुबह तड़के ही यह एनकाउंटर हो गया। फिलहाल फॉरेंसिक टीमें और पुलिस के उच्चाधिकारी सेक्टर-25 के घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रहे हैं।
#ChandigarhEncounter #KumarMedicalStoreCase #JanakiDasMurder #Sector25Chandigarh #ShooterSunnyMehra #AryanArrested #InspectorHarinder #InspectorNarendraPatel #GoldyDhillonAudio #ChandigarhPoliceAction #BreakingNews #Danikkhabar
Previous
ED की बड़ी कार्रवाई: ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स से ₹155 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में करनाल, दिल्ली और गोवा के 11 ठिकानों पर छापेमारी
Next