18/05/26

बिहार: सासाराम स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा टला, खड़ी पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी आग

बिहार, 18 मई (अन्‍नू): बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यहाँ सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर (ट्रेन संख्या 53212) की जनरल बोगी D3 में अचानक आग लग गई। घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी और सुबह 6:45 बजे प्रस्थान करने वाली थी। यात्री अपनी सीटों पर बैठकर ट्रेन खुलने का इंतजार ही कर रहे थे कि अचानक बोगी से तेज जलने की बदबू और घना धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बोगी में धुआं और आग की लपटें उठते देख यात्रियों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग सामान छोड़कर बोगी से बाहर की तरफ भागे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित कोच के आसपास की अन्य बोगियों में बैठे मुसाफिर भी तुरंत ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ (RPF) और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। रेलवे की वॉटर पाइपलाइन और दमकल की गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। बोगी के दोनों तरफ से पानी की बौछारें की गईं। इस दौरान आग 4-5 बार दोबारा धधक उठी, लेकिन रेलवे के 20 से अधिक कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, इस भीषण आग के कारण बोगी के भीतर की सीटें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

एहतियातन ट्रेन रद्द, जांच शुरू

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के मुताबिक, प्रभावित बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया है और जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। सुरक्षा के लिहाज से इस पैसेंजर ट्रेन को फिलहाल रद्द कर दिया गया है और प्लेटफॉर्म नंबर 6 को पूरी तरह खाली कराकर वहां यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह कोई तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले रविवार को भी त्रिवेंद्रम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी।

#SasaramRailwayStation #TrainFire #IndianRailways #DanikKhabar #PassengerTrain #AlertRailwayStaff #EmergencyResponse

Next

प्रधानमंत्री ने सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी