बहादुरगढ़ में एसटीएफ और दिल्ली पुलिस का बड़ा एनकाउंटर: हांसी जिम संचालक हत्याकांड के 2 इनामी शूटर ढेर, 12 राउंड चलीं गोलियां
बहादुरगढ़, 5 जुलाई (अन्नू): हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने एक संयुक्त और बड़े ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात इनामी सुपारी किलर्स (शूटरों) को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. इन दोनों बदमाशों ने करीब 23 दिन पहले (11 जून 2026 को) हांसी के फव्वारा चौक के पास एक जिम संचालक कपिल रेढू (25) की दिनदहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी थी.
इस सनसनीखेज एनकाउंटर के दौरान बदमाशों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है. वहीं, चार अन्य पुलिसकर्मियों की जान उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई, जिससे बदमाशों की गोलियां टकराई थीं. मारे गए दोनों शूटरों पर हरियाणा पुलिस की तरफ से एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.
बालौर बाईपास पर घेराबंदी, दोनों तरफ से चलीं 13 राउंड गोलियां
एसटीएफ (STF) के एसपी विक्रांत भूषण ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस टीमों को पुख्ता इनपुट मिला था कि हांसी हत्याकांड के दोनों शार्प शूटर बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीमों ने बहादुरगढ़ के बालौर बाईपास के पास रणनीतिक नाकाबंदी कर बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया.
खुद को पुलिस के चक्रव्यूह में फंसता देख बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीमों पर सीधे जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान दोनों ओर से करीब 12 से 13 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दोनों शूटर मौके पर ही ढेर हो गए. मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान प्रवेश (निवासी टिब्बा दानाशेर, हिसार) और हिंमाशु (निवासी जाखोड़ खेड़ा, जिला हिसार) के रूप में हुई है. पुलिस अब इनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है.
CCTV में कैद हुई थी जिम संचालक की खौफनाक हत्या
बीती 11 जून 2026 की सुबह करीब 5:25 बजे हांसी के फव्वारा चौक स्थित 'RED' जिम से कुछ दूरी पर दुकानों के बाहर एक खौफनाक वारदात हुई थी. जिम संचालक कपिल रेढू (मूल निवासी डालमवाला, जींद; वर्तमान निवासी शांति निकेतन, हांसी) कुछ युवकों और एक युवती को वार्म-अप करा रहा था. इसी दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर प्रवेश और हिमांशु वहां पहुंचे.
बाइक के पीछे बैठे शूटर ने उतरते ही पिट्ठू बैग से हथियार निकाला और कपिल के सिर व पीठ को टारगेट कर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस अंधाधुंध फायरिंग में वार्म-अप कर रही एक युवती शिखा को भी गोली का छर्रा लगा था, जिससे वह घायल हो गई थी. कपिल ने एक साल पहले ही लव-मैरिज की थी.
लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर ने ली थी जिम्मेदारी, पुरानी गैंगवार का बदला
कपिल रेढू की हत्या के महज 5 घंटे बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इस मर्डर की पूरी जिम्मेदारी ली थी. पोस्ट में हैरी बॉक्सर, आरडी धारीवाल, हरमन संधु और विक्रम क्रीडान के नाम शामिल थे.
क्या था हत्या का कारण: गैंग ने अपनी पोस्ट में दावा किया था कि 25 फरवरी 2025 को हांसी के शेखपुरा गांव के सरपंच प्रदीप लादी को डराने के लिए हुई फायरिंग और अगले दिन ढाणी पुरिया गांव में हुई फायरिंग के मामलों में जिम संचालक कपिल रेढू ही मुख्य साजिशकर्ता था, जिसने विरोधी गुट का पूरा सहयोग किया था. गैंग का कहना था कि उनके साथी सुंदर ने कपिल को दो बार समझाया था, लेकिन वह नहीं माना.
मारे गए शूटर और जिम संचालक, दोनों का था क्रिमिनल बैकग्राउंड
पुलिस जांच के अनुसार, एनकाउंटर में मारे गए दोनों शूटर सुपारी किलर थे. वहीं, दूसरी ओर मृतक जिम संचालक कपिल रेढू का बैकग्राउंड भी पाक-साफ नहीं था. कपिल के खिलाफ भी हरियाणा के 4 अलग-अलग थानों में हत्या (2023 में बास थाना), हत्या के प्रयास (2024 में हिसार अर्बन एस्टेट थाना), मारपीट और जानलेवा लड़ाई-झगड़े के गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस मामले में लॉरेंस गैंग के अन्य गुर्गों की तलाश में जुटी है.
#BahadurgarhEncounter #STFAction #DelhiPoliceSpecialCell #LawrenceBishnoiGang #HansiGymOwnerMurder #KapilRedhuCase #HarryBoxer #HaryanaCrime #EncounterBreaking #ShootersShotDead #DanikKhabar
Previous
नूंह में बारात के दौरान थार और फॉर्च्यूनर पर स्टंटबाजी और नोट उड़ाना पड़ा भारी: पुलिस ने गाड़ियां कीं जब्त
Next