21/03/26

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: अब ट्रेन से मुफ्त तीर्थ यात्रा करेंगे बुजुर्ग, 26 मार्च को अंबाला से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन

हरियाणा/अंबाला, 21 मार्च (अन्‍नू): हरियाणा के मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को रेलगाड़ी के माध्यम से धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। अंबाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष सुविधा के लिए हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी (IRCTC) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। योजना के अगले चरण में 26 मार्च को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए एक विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं हरी झंडी दिखाकर विदा करेंगे।



उपायुक्त ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य उन बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराना है जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं। अब तक हरियाणा रोडवेज की वोल्वो बसों के जरिए हजारों श्रद्धालु अयोध्या सहित अन्य पावन स्थलों के दर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब ट्रेनों के माध्यम से बड़े स्तर पर जत्थे भेजे जाएंगे। 26 मार्च की यात्रा के इच्छुक पात्र श्रद्धालु 22 मार्च को शाम 5 बजे तक 'सरल पोर्टल' के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।


पूरी तरह निशुल्क होगी यात्रा और सुविधाएं प्रशासन के अनुसार, तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे, जिनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सेवा प्रदाता स्टाफ के लिए आरक्षित रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के रहने, खाने-पीने और स्टेशन से मंदिर तक ले जाने के लिए बसों का सारा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी। बुजुर्गों को पूरी यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।



किसे मिलेगा योजना का लाभ? मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत केवल वे ही वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है और जिनके परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। पात्र व्यक्ति आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि वे इस जन कल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


#HaryanaNews #MKTirthYatra #AyodhyaDham #AmbalaUpdate #SeniorCitizenScheme #FreePilgrimage #IRCTC #HaryanaGovernment #DanikKhabar

Previous

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: क्राइम ब्रांच ने दो लापता नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित खोजा, 22 महीने बाद परिवार से मिली एक बेटी

Next

साफ पानी और जल संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता: अंबाला में एडीसी विराट ने अधिकारियों को दिए निर्देश