16/03/26

दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी: पालम डकैती कांड का वांछित अपराधी 'महेश गंजा' गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 मार्च (अन्‍नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NDR टीम) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पालम गांव इलाके में हुई डकैती और तोड़फोड़ की सनसनीखेज वारदात में शामिल एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय महेश उर्फ गंजा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के राज नगर, पालम का रहने वाला है। वह पिछले कई महीनों से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत गिरफ्तार किया है।


यह मामला 28 सितंबर 2025 की रात का है, जब पालम गांव स्थित एक होटल में डकैती और तोड़फोड़ की भीषण वारदात हुई थी। होटल मालिक की शिकायत के अनुसार, लोहे की रॉड से लैस और चेहरे पर नकाब पहने 5-6 बदमाश जबरन होटल के अंदर घुसे थे। बदमाशों ने होटल के शीशे और फर्नीचर तोड़कर वहां मौजूद स्टाफ में आतंक पैदा कर दिया था। इस दौरान बदमाशों ने होटल कर्मचारी प्रियांशु पर हमला कर उसे घायल कर दिया और काउंटर से करीब 2 लाख रुपये लूट लिए। सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपी होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी साथ ले गए थे।


इस मामले में स्थानीय पुलिस ने पहले ही पांच आरोपियों—रितिक, मो. लड़का, प्रकाश उर्फ चीनू, राकेश और मो. इबरार को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन महेश उर्फ गंजा फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम, जिसमें एसआई दीपेंद्र और महिला कांस्टेबल ज्ञानवती सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि महेश अपने माता-पिता से मिलने पालम आएगा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।


पूछताछ के दौरान महेश ने स्वीकार किया कि वह डकैती की इस साजिश में शामिल था। आरोपी की पृष्ठभूमि की बात करें तो उसने आठवीं तक पढ़ाई की है और आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ दी थी। वह पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और बाद में रैपिडो बाइक राइडर बन गया। इसी दौरान वह स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आया और अपराध की दुनिया में कदम रखा। साल 2022 में भी उस पर लूट की कोशिश और आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज हुआ था, हालांकि उसमें वह बरी हो गया था। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



#DelhiCrimeBranch #DelhiPolice #Arrested #PalamDacoity #CrimeNews #NDRTeam #SafetyFirst #BNS #LawAndOrder #DanikKhabar

Previous

हिमाचल में बर्फीला संकट: अटल टनल में रात भर फंसे रहे पर्यटक, 21 मार्च तक अलर्ट जारी

Next

बीकानेर हाउस में सजा राजस्थान की कला, संस्कृति और परंपरा का महोत्सव