पानीपत नगर निगम में बड़ी कार्रवाई: 'म्हारी सड़क' पोर्टल पर लापरवाही बरतने वाले दो जेई सस्पेंड
जे कुमार पानीपत, 19 मार्च 2026: हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 'म्हारी सड़क' पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण और मैपिंग में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में पानीपत नगर निगम के दो जूनियर इंजीनियरों (JE) को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एडिशनल कमिश्नर विवेक चौधरी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, निलंबित किए गए अधिकारियों की पहचान जेई शिवराज और जेई राजकुमार के रूप में हुई है।
लापरवाही और मैपिंग में सुस्ती का आरोप हाल ही में शहरी स्थानीय निकाय विभाग (ULB) के महानिदेशक द्वारा राज्य भर में पोर्टल की समीक्षा की गई थी, जिसमें पानीपत का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इन अधिकारियों ने जनता द्वारा सड़क के गड्ढों और मरम्मत से जुड़ी शिकायतों की मैपिंग करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर द्वारा बार-बार दिए गए निर्देशों के बावजूद कार्य में प्रगति न होने पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
उच्चाधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस इस मामले में केवल जेई ही नहीं, बल्कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। लापरवाही के चलते संबंधित मुख्य अभियंता (Chief Engineer) और कार्यकारी अभियंता (XEn) को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एडिशनल कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर डेटा अपडेट करने के लिए 19 मार्च तक का अंतिम समय दिया गया था। निलंबन अवधि के दौरान दोनों जेई का मुख्यालय नगर निगम कार्यालय रहेगा और वे बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। सरकार की इस कार्रवाई से निगम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
#PanipatNews #MhariSadakPortal #ActionAgainstNegligence #MunicipalCorporation #HaryanaGovernment #JESuspended #RoadInfrastructure #PublicGrievance #BreakingNewsHaryana #UrbanDevelopment