कुरुक्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय बावरिया गैंग के 3 लुटेरे गिरफ्तार, 20 से अधिक वारदातों का खुलासा
कुरुक्षेत्र, 15 मई (अन्नू): कुरुक्षेत्र पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बावरिया गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह हरियाणा के विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंपों और शराब के ठेकों को अपना निशाना बनाता था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलदीप, अनिल (दोनों रोहतक निवासी) और राजीव (नरवाना निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने प्रदेश भर में लूटपाट की 20 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है।
रेकी के बाद गाड़ी बदलकर देते थे वारदात को अंजाम
सीआईए-1 के इंचार्ज प्रतीक कुमार के अनुसार, इस गैंग की कार्यप्रणाली काफी शातिर थी। आरोपी सबसे पहले मोटरसाइकिल पर सवार होकर संबंधित क्षेत्र की रेकी करते थे। इसके बाद अपनी बाइक को सुरक्षित स्थान जैसे बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर देते थे और वारदात के लिए ब्रेजा गाड़ी का इस्तेमाल करते थे। अक्सर ये अपराधी रात के समय ग्राहक बनकर ठेकों या पंपों पर पहुंचते थे और मौका मिलते ही पिस्टल व चाकू के बल पर लूटपाट कर फरार हो जाते थे। इनके निशाने पर मुख्य रूप से नेशनल हाईवे पर स्थित प्रतिष्ठान रहते थे।
कई जिलों में फैला था अपराध का जाल
इस गैंग के खिलाफ अकेले कुरुक्षेत्र में 7 मामले दर्ज हैं, जबकि हिसार, कैथल, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद और अंबाला में भी इन्होंने आतंक मचाया हुआ था। हाल ही में इन्होंने इस्माइलाबाद और अंबाला में एक ही रात में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस इनसे लूटी गई नकदी, शराब और वारदात में इस्तेमाल की गई लग्जरी गाड़ी बरामद करने की कोशिश कर रही है।
#KurukshetraPolice #DanikKhabar #CrimeNews #HaryanaPolice #BawariaGang #PoliceAction #LawAndOrder #Arrested
Previous
यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: भ्रूण लिंग जांच करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार
Next