16/03/26

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुंडका के गोदाम से 610 अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद, ब्लैक मार्केटिंग रैकेट का भंडाफोड़

नई दिल्ली, 16 मार्च (अन्‍नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (AEKC) ने बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में छापेमारी कर एलपीजी सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और भंडारण के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए हैं, जिन्हें सुरक्षा नियमों और सरकारी दिशानिर्देशों को ताक पर रखकर स्टोर किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान कुल 610 सिलेंडर बरामद किए गए हैं, जो अलग-अलग कंपनियों के हैं।


पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंडका स्थित 'गुरुजी इंडेन गैस सर्विस' के परिसर (खसरा नंबर 111/22 और 111) में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। इंस्पेक्टर अमित सोलंकी के नेतृत्व और डीसीपी संजीव कुमार यादव (IPS) की देखरेख में जब टीम ने वहां छापा मारा, तो दंग रह गई। जांच में पाया गया कि यह एजेंसी केवल 'इंडेन' की अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर थी, लेकिन गोदाम के अंदर भारत गैस और एचपी गैस जैसी अन्य कंपनियों के कमर्शियल सिलेंडर भी भारी संख्या में अवैध रूप से रखे हुए थे। यह आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और एलपीजी आपूर्ति व वितरण आदेश का सीधा उल्लंघन है।


बरामदगी के आंकड़ों की बात करें तो पुलिस को कुल 610 सिलेंडर मिले हैं। इनमें इंडेन के 423 (133 भरे हुए, 290 खाली), भारत गैस के 92 और एचपी गैस के 95 सिलेंडर शामिल हैं। शुरुआती जांच में स्टॉक रजिस्टर में भी भारी गड़बड़ी पाई गई है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के अधिकारियों के अनुसार, 10 मार्च 2025 तक इंडेन का स्टॉक शून्य होना चाहिए था, लेकिन मौके पर 133 भरे हुए सिलेंडर मिले। पुलिस को संदेह है कि बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने और बाद में ऊंचे दामों पर कालाबाजारी (Black Marketing) करने के इरादे से इन सिलेंडरों को जमा किया गया था।


खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर (संख्या 52/2026) दर्ज कर ली है। छापेमारी के दौरान गोदाम का मालिक मौके पर नहीं मिला और वह फिलहाल फरार है। पुलिस की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और इस पूरे सप्लाई चेन और कालाबाजारी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।


#DelhiPolice #CrimeBranch #LPGScam #Mundka #BlackMarketing #DelhiNews #LPGStorageRacket #LawAndOrder #DanikKhabar

Previous

रेवाड़ी: गुड़ बाजार में शातिर चोरों का धावा, ताला तोड़कर उड़ाई 5 लाख की नकदी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Next

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ओडिशा के राज्यपाल और मध्य प्रदेश के सीएम ने की मुलाकात