महेंद्रगढ़: कनीना में व्यापारी को बातचीत में उलझाकर ₹3.5 लाख उड़ाए, जांच में जुटी पुलिस
महेंद्रगढ़, 13 जुलाई (अन्नू): हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में रविवार दोपहर बाद बदमाशों के हौसले बुलंद देखने को मिले, जहां नहर पुलिया के पास एक व्यापारी को बातों में उलझाकर बदमाश उसकी जेब से साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। वारदात के बाद घबराया पीड़ित व्यापारी जब घर पहुंचा, तब परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पता पूछने के बहाने रोका, फिर कर दिया हाथ साफ
पीड़ित व्यापारी सीताराम (निवासी कनीना मंडी) ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथ करीब 3.5 लाख रुपये लेकर जा रहा था, जिसमें से 2 लाख रुपये उसने घर से लिए थे और 1.5 लाख रुपये अपने भाई से लेकर निकला था। जब वह कनीना में नहर पुलिया के पास, बिजेंद्र हलवाई की दुकान और ट्रांसपोर्ट कार्यालय के नजदीक पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
एक युवक ने पीड़ित से काठवास के सरपंच से मिलने की बात कहकर सुरेंद्र कौशिक का घर पूछना शुरू कर दिया। सीताराम ने जब अनभिज्ञता जताई, तो भी आरोपी उसे लगातार बातचीत में उलझाए रहा। पीड़ित के अनुसार, बातचीत के दौरान अचानक उसे घबराहट होने लगी, शरीर पसीने से भीग गया और उसकी आवाज बंद हो गई। इसी का फायदा उठाकर बदमाश उसकी पजामे की जेब में रखी नकदी निकालकर मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने डायल-112 पर दी सूचना
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित व्यापारी किसी तरह बदहवास हालत में अपने घर पहुंचा। उसकी गंभीर स्थिति को देखकर जब परिजनों ने पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद परिवार ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को वारदात की सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, एक आरोपी हेलमेट तो दूसरा मुंह बांधे था
सूचना मिलते ही थाना शहर प्रभारी सब इंस्पेक्टर तपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें एक आरोपी हेलमेट पहने हुए और दूसरा चेहरे पर काला कपड़ा बांधे दिखाई दे रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#MahendragarhNews #KaninaCrime #HaryanaCrime #LootCase #MahendragarhPolice #BreakingNews #HaryanaNews #DanikKhabar
Previous
अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल में गूंजा 'परिवार नियोजन' का संदेश, नुक्कड़ नाटक के जरिए आमजन को किया जागरूक
Next