पर्यावरण अनुकूल बनेगी लोकल बस सेवा, पांच और नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें लोकल रूट में शामिल : परिवहन मंत्री अनिल विज
अम्बाला में लोकल रूट पर अब संचालित हो रही दस इलेक्ट्रिक बसें, जल्द छह-सात और इलेक्ट्रिक बसें शामिल होगी : मंत्री अनिल विज
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से लगभग 25 वर्ष बाद पुनः: प्रारंभ की गई लोकल बस सेवा का अम्बाला निवासियों को मिल रहा भरपूर लाभ
अम्बाला/चंडीगढ़, 07 जून
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए अम्बाला में पांच नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों (ई-बस) को लोकल बस रूट पर शामिल किया गया है।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि पांच नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने से अब लोकल रुट पर कुल दस बसों को संचालित किया जा रहा है और आने वाले समय में छह-सात और इलेक्ट्रिक बसों को लोकल रुट पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण अनुकूल होने के साथ-साथ वातानुकूलित होती है। महानगरों की तर्ज पर अम्बाला में भी लोकल बस सेवा को पूरी तरह से वातानुकूलित ई-बस सेवा में बदलने की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से लगभग 25 वर्ष बाद पुनः: प्रारंभ की गई लोकल बस सेवा का अम्बाला निवासियों को मिल रहा भरपूर लाभ
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला में लोकल बस सेवा को लगभग 25 वर्षों बाद पुनः: प्रारंभ किया जा सका है। पहले अम्बाला सिटी व छावनी के मध्य नियमित बस सेवा थी, मगर इसे बंद कर दिया गया था। मगर गत वर्ष परिवहन मंत्री बनते ही मंत्री अनिल विज ने लोकल बस सेवा को पुनः: शुरू करवाया जिसका आज अम्बाला के निवासियों को भरपूर लाभ मिल रहा है।
गौरतलब है कि हरियाणा में पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 650 बसों की सौगात दी जा रही है जिनमें से 150 बसें वातानुकूलित होंगी।
इन रूटों पर चल रही लोकल बस सेवा
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी से शहर के बीच कई रुटों पर लोकल बस सेवा इस समय चल रही है जिसका जनता को लाभ मिल रहा है। इसमें अम्बाला छावनी कलरहेड़ी से डिफेंस कालोनी, टुंडला, तोपखाना परेड, इंदिरा चौक, छावनी बस स्टैंड से सिटी की ओर बस सेवा चल रही है। इसके अलावा बोह से बब्याल, टांगरी बांध रोड, महेशनगर, सुभाष पार्क, इंदिरा चौक व बस स्टैंड से सिटी रुट पर बस सेवा है। इसी प्रकार शाहपुर, मच्छौंडा से विद्यानगर, नन्हेड़ा, सुभाष पार्क, बस स्टैंड होते हुए सिटी की ओर बस सेवा चल रही है। वहीं लोकल बस सेवा को अब साहा से भी जोड़ा गया है। हजारों यात्री प्रतिदिन बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।
यात्रियों के लिए जल्द बनाए जाएंगे बस क्यू शेल्टर
लोकल बस सेवा का लाभ अधिक से अधिक यात्रियों को मुहैया कराने के लिए परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी में 27 बस क्यू शेल्टर भी बनाए जा रहे हैं। इनको बनाने के लिए स्थान चयनित किए गए हैं। इनके बनने से यात्रियों को बसों का इंतजार करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। आधुनिक क्यू शेल्टर में बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ लाइट व पंखे की व्यवस्था भी होगी।
-----------------------------------------------