चंडीगढ़ के सेक्टर-29 में तेंदुए की आहट से दहशत: सीसीटीवी में कैद हुई जंगली जानवर की मूवमेंट, वन विभाग अलर्ट
चंडीगढ़, 12 मार्च (अन्नू): चंडीगढ़ के सेक्टर-29 में बुधवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रिहायशी इलाके में एक तेंदुआ देखे जाने की खबर सामने आई। इस सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया और लोग सुरक्षा के लिहाज से अपने घरों में ही दुबके रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमों ने मोर्चा संभाला और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी तेंदुए का सीधा सुराग नहीं लग सका, लेकिन इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों ने इस खबर की गंभीरता को बढ़ा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच एक महिला अपने बच्चों के साथ पार्क में टहल रही थी, तभी उनकी नजर झाड़ियों के पास घूमते एक तेंदुए पर पड़ी। महिला ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और बच्चों को सुरक्षित लेकर वहां से निकल गई। इसके बाद, रात करीब 11:00 बजे एक अन्य व्यक्ति ने भी पीर दरगाह के पास एक जंगली जानवर को घूमते देखा। जब दरगाह परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें एक लंबी पूंछ वाला जानवर पानी पीते और घूमते हुए स्पष्ट दिखाई दिया, जिसकी चाल ढाल बिल्कुल तेंदुए जैसी लग रही है।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे फिलहाल सतर्क रहें और रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। गौरतलब है कि इससे पहले पंचकूला के सेक्टर-6 में भी इसी तरह एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया था, जिसे काफी संघर्ष के बाद रेस्क्यू किया गया था। फिलहाल, प्रशासन ड्रोन और अन्य माध्यमों से इलाके पर पैनी नजर रख रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
दैनिक खबर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।
#ChandigarhNews #LeopardAlert #Sector29Chandigarh #WildlifeSecurity #ForestDepartment #PublicSafety #ChandigarhPolice #LeopardInCity #DanikKhabar