कुरुक्षेत्र पुलिस का एक्शन मोड: रात्रि गश्त के दौरान 35 हजार से अधिक चालान, हुड़दंगियों पर कड़ा पहरा
हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 24 फरवरी (अन्नू): कुरुक्षेत्र पुलिस ने जिले में अपराध पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। साल की शुरुआत से ही पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रात्रि गश्त के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भारी गाज गिरी है। 1 जनवरी से 21 फरवरी के बीच की गई कार्रवाई के आंकड़ों से साफ है कि पुलिस सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों और यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान अब तक कुल 35,238 चालान काटे गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई लेन बदलने वाले 3,047 चालकों पर हुई है। इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 169 लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया, जबकि साइलेंसर बदलकर शोर मचाने वाली 115 बाइकों और बिना नंबर प्लेट या गलत पैटर्न वाली प्लेटों का इस्तेमाल करने वाले 1,708 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने काली फिल्म लगी गाड़ियों और ट्रिपल राइडिंग करने वाले 836 चालकों को भी अपने रडार पर लिया है।
एसपी नीतीश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की टीमें विशेष रूप से उन शरारती तत्वों पर नजर रख रही हैं जो बुलेट से पटाखे बजाकर शांति भंग करते हैं या शराब पीकर सड़कों पर हंगामा करते हैं। रात के समय बेवजह घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध पाए जाने पर उनके 'पर्चे अजनबी' भी भरे जा रहे हैं। मोटर वाहन अधिनियम के तहत की जा रही इस कड़ी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।
पुलिस विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
#KurukshetraPolice #TrafficRules #HaryanaPolice #RoadSafety #NightPatrolling #ChallanDrive #CrimeControl #PoliceAction