11/05/25

Kangra: शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार की पार्थिव देह आज पहुंचेगी पैतृक गांव, सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

हिमाचल, 11 मई (अभी): जम्मू-कश्मीर के पुंछ सैक्टर में नियंत्रण रेखा पर हुई पाकिस्तानी गोलीबारी में शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के वीर सपूत सूबेदार मेजर पवन कुमार की पार्थिव देह आज दोपहर करीब डेढ़ बजे पठानकोट से उनके पैतृक गांव सिहालपुरी के लिए रवाना करने की सूचना मिली है। शहीद की अंतिम यात्रा में स्थानीय प्रशासन, सेना के अधिकारी, परिजन और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार, सूबेदार मेजर पवन कुमार जम्मू-कश्मीर के पुंछ सैक्टर में तैनात थे, जहां पाकिस्तानी गोलीबारी में वे वीरगति को प्राप्त हुए। उनके बलिदान की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव सिहालपुरी पहुंची तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में लोग गमगीन हैं और हर कोई इस वीर योद्धा को अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटा है।

पठानकोट में सेना की ओर से पूरे सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि देने के बाद शहीद की पार्थिव देह को सैन्य वाहन के माध्यम से गांव लाया जाएगा। दोपहर बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। बता दें कि 48 वर्षीय सूबेदार मेजर पवन कुमार आगामी अगस्त में सेवानिवृत्त होकर घर लौटने वाले थे, लेकिन इससे पहले वह देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।

Previous

कश्मीर से हिमाचली छात्रों की सुरक्षित वापसी, भेजी गई थी एचआरटीसी की विशेष बस

Next

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- आतंकवाद कुत्ते की पूंछ, आतंकी जिस भाषा में समझेंगे उन्हें उसी भाषा में जवाब देंगे