12/02/26

कैथल: वॉलीबॉल विवाद में खूनी खेल, सुलह के बहाने बुलाकर 10वीं के छात्र की बेरहमी से हत्या

हरियाणा/कैथल, 12 फ़रवरी (अन्‍नू ):  कैथल जिले के रामथली गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज खेल के मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले 17 वर्षीय छात्र नवराज सिंह पर करीब 17 हमलावरों ने लाठियों और कृपाणों से तब हमला किया, जब उसे समझौते के नाम पर बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने छात्र की कमर में घातक हथियार से वार किया, जिससे उसकी किडनी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


घटना की पृष्ठभूमि कुछ दिन पहले हुए एक वॉलीबॉल मैच से जुड़ी है, जिसमें नवराज के दोस्त विनीत का दूसरे पक्ष के साथ विवाद हो गया था। इसी झगड़े को खत्म करने और बातचीत करने के बहाने आरोपियों ने नवराज और विनीत को रामथली के पास एक रजबाहे (माइनर) पर बुलाया। जैसे ही नवराज वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे लवप्रीत, संजय, जोत, हरमन, अर्श और उनके करीब एक दर्जन साथियों ने अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।


मृतक नवराज सिंह के पिता मंगल सिंह, जो गांव खरकां के निवासी हैं, ने गुहला थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। पिता ने बताया कि उनका बेटा ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ता था और परिवार का इकलौता चिराग था। पुलिस ने इस मामले में 5 नामजद और 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी नायब सिंह के अनुसार, आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।



#KaithalNews #CrimeNews #HaryanaNews #JusticeForNavraj #KaithalPolice #StudentMurderCase #SchoolStudent #CrimeAlert #HaryanaCrime #GuhlaCheeka #BreakingNewsHindi #RamthaliNews

Previous

टी-20 विश्वकप : भारत-नामीबिया का मुकाबला आज, सुबह मुकाबले में श्रीलंका ने ओमान को हराया

Next

अंबाला: अलमारी ठीक करने आए 'कारीगर' ने उड़ाए 12 लाख के जेवर, शातिराना अंदाज में वारदात को दिया अंजाम