कैथल पुलिस का महा-एक्शन: 25 किलो डोडा पोस्त और 1 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार; 2 महीने में 54 नशा तस्कर भेजे जा चुके हैं जेल
कैथल, 27 मई (अन्नू): 'नशा मुक्त हो जिला' अभियान के तहत जिला पुलिस ने नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। पुलिस कप्तान (SP) श्री मनप्रीत सिंह सूदन के कड़े दिशा-निर्देशों पर काम करते हुए कैथल पुलिस की दो अलग-अलग स्पेशल टीमों (सीआईए-1 और एंटी नारकोटिक सेल) ने दो बड़े नशा तस्करों को रंगे हाथों दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 25 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त और 1 किलो 56 ग्राम चरस की भारी खेप बरामद की है।
तस्करी के नेटवर्क पर बोलते हुए डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने एक बड़ा आंकड़ा साझा किया कि कैथल पुलिस ने युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए पिछले महज 2 महीनों के भीतर ही 36 एनडीपीएस (NDPS) मामलों में 54 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
पहला मामला: तितरम चौक पर नाकाबंदी, भागते हुए चरस तस्कर संदीप को दबोचा
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने पत्रकारों को दोनों मामलों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पहली सफलता सीआईए-1 (CIA-1) की टीम को मिली:
गुप्त सूचना: सीआईए-1 के प्रभारी उप-निरीक्षक (एसआई) जसवंत सिंह की अगुवाई में एसआई संदीप कुमार की टीम तितरम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुख्ता सूचना मिली कि गांव बाता निवासी संदीप मोटरसाइकिल पर चरस सप्लाई का धंधा करता है और वह कलायत की तरफ से अंबाला की ओर चरस की बड़ी डिलीवरी देने निकलने वाला है।
फिल्मी अंदाज में घेराबंदी: पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए प्यौदा तितरम चौक (NH-152) पर मजबूत नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में तितरम मोड़ की तरफ से एक संदिग्ध बाइक आती दिखी। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने बाइक को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उसे सड़क पर ही दबोच लिया।
बरामदगी: तलाशी लेने पर आरोपी संदीप के कब्जे से 1 किलो 56 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद हुई। पुलिस ने उसकी बाइक को भी जब्त कर लिया है।
दूसरा मामला: रत्ता खेड़ा लुकमान में रेड, घर के भीतर से 25 किलो डोडा पोस्त सहित साहब सिंह काबू
डीएसपी ने बताया कि दूसरा बड़ा क्रैकडाउन नशा मुक्ति जागरूकता टीम कम एंटी नारकोटिक सेल-2 की टीम द्वारा किया गया:
घर पर दबिश: एंटी नारकोटिक सेल-2 के प्रभारी पीएसआई शनेष की टीम रत्ता खेड़ा लुकमान क्षेत्र में मौजूद थी। टीम को इनपुट मिला कि गांव का ही रहने वाला साहब सिंह अपने घर से डोडा पोस्त (अफीम का चूरा) बेचने का अवैध धंधा चला रहा है।
रेड में खुली पोल: पुलिस टीम ने तुरंत ड्यूटी मजिस्ट्रेट को साथ लेकर साहब सिंह के मकान पर औचक दबिश (रेड) दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस टीम के होश उड़ गए, वहां से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी साहब सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 किलो 600 ग्राम प्रतिबंधित डोडा पोस्त बरामद किया।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस; कोर्ट से लिया जाएगा रिमांड
थाना तितरम और संबंधित थानों में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने साफ किया कि इन दोनों तस्करों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि संदीप इतनी महंगी चरस कहां से खरीदकर लाया था और साहब सिंह डोडा पोस्त की यह भारी खेप किस अंतरराज्यीय सप्लायर से मंगवाकर कैथल के युवाओं को परोसने वाला था।
#KaithalPolice #DrugFreeKaithal #ManpreetSinghSudanIPS #CIA1Kaithal #AntiNarcoticCell #GurvinderSinghDSP #NDPSActHaryana #CharasSeized #DodaPostBusted #KaithalUpdate #DaniKKhabar
Previous
सिरसा महिला थाना ग्रेनेड हमला: NIA ने 2 पाकिस्तानी नागरिकों सहित 9 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
Next