17/06/25

गिद्ध संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है जोड़बीड़, यहां वल्चर ब्रीडिंग सेंटर की स्थापना के होंगे प्रयास

एन.एस. बाछल, 17 जून, जयपुर।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर का जोड़बीड़ क्षेत्र गिद्ध संरक्षण के लिए पूरी दुनिया में विशेष पहचान रखता है। यहां सात दुर्लभ प्रजातियों के गिद्ध प्रतिवर्ष अक्टूबर से मार्च तक आते हैं। इसके मद्देनजर यहां 'वल्चर ब्रीडिंग सेंटर' की स्थापना की दिशा में कार्य किया जाएगा।

अर्जुन मेघवाल ने सोमवार को बीकानेर के जोड़बीड़ में 'वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान' तथा लव कुश वाटिका लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा, असम, पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश सहित देश के चार राज्यों पर 'वल्चर ब्रीडिंग सेंटर' संचालित हैं। बीकानेर में यह केंद्र स्थापित हो, इसके लिए उच्च स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग चार करोड़ रुपए की लागत से यह केंद्र बीकानेर में खुलने से क्षेत्र को गिद्ध संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।

अर्जुन मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जल संरक्षण और ऐतिहासिक जल संग्रहण केंद्रों के संरक्षण का बीड़ा उठाया गया है। इसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में पेयजल का अपव्यय रोकना सबसे जरूरी है। जल का दुरुपयोग करने वाले को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना जरूरी है। यहां लव कुश वाटिका स्थापित होने से यह पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इसका अवलोकन करवाने का आह्वान किया तथा कहा कि यहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाएं, जिससे आमजन को इसके महत्व की जानकारी हो सके।

वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 'हरियालो राजस्थान' संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए वन विभाग पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून 2024 को 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान किया। भारत सरकार द्वारा राज्य को 3 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया। मुख्यमंत्री ने इसे बढ़ाते हुए 7 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा, जबकि वन विभाग और राज्य सरकार के अन्य विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन के सहयोग से गत वर्ष प्रदेश में 7 करोड़ 22 लाख पौधे लगाए गए।

Previous

प्रदेश में 125 नये एफपीओ गठन के लिए 'एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट' बैठक का आयोजन

Next

प्रवासी राजस्थानियों के लिए राज्य सरकार करेगी नए विभाग का गठन, प्रवासी भाई-बहनों के सहयोग से प्रदेश बनेगा अग्रणी