19/08/25

भिवानी और चरखी दादरी में इंटरनेट सेवा बंद, आदेश हुए जारी

जे कुमार भिवानी 19 अगस्त : हरियाणा प्रशासन ने भिवानी और चरखी दादरी जिलों में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। यह कदम प्रशासनिक और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उठाया गया है। माना जा रहा है कि हाल ही में चर्चित मनीषा केस को लेकर क्षेत्र में बढ़ते तनाव और माहौल को शांत रखने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन ने आशंका जताई है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें और भ्रामक सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ा जा सकता है। इसी संभावना को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित की गई हैं। आदेश के तहत मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस सेवा और डोंगल से चलने वाली डेटा सेवाओं पर रोक लगाई गई है। हालांकि वॉइस कॉल और ब्रॉडबैंड सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी ताकि लोगों की आवश्यक संचार व्यवस्था प्रभावित न हो।

प्रशासन ने कहा है कि यह निर्णय जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति सामान्य होते ही इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

#bhiwani #Internetserviceclosed #charkhidadri #ordersissued #haryana #news

Previous

अम्बाला मे फर्जी नशा मुक्ति केंद्र का स्वास्थ्य विभाग ने किया भंडाफोड़

Next

समाधान शिविर में आमजन की शिकायतों का तीव्रता से होता है समाधान : डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ