इंडिगो के ट्रेनी पायलट ने सीनियर अफसरों पर लगाया जातिवाद का आरोप, गुरुग्राम में केस दर्ज
आरएस अनेजा, 23 जून नई दिल्ली
गुरुग्राम में इंडिगो एअरलाइंस के एक ट्रेनी पायलट ने फ्लाइट के कैप्टन समेत तीन लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है। ट्रेनी पायलट ने आरोप लगाया कि उसकी मीटिंग में बेइज्जत कर जातिसूचक शब्द कहे गए।
आरोप है कि ट्रेनी पायलट को मीटिंग में कहा गया कि “यू आर नॉट फिट टू फ्लाई, यू गो बैक एंड स्टिच द स्लीपर्स” यानि (तुम प्लेन उड़ाने के काबिल नहीं हो, वापस जाओ और चप्पलें सिलो)। पीड़ित ने बंगलूरू में शिकायत दी थी। वहां पर जीरो एफआईआर दर्ज करके गुरुग्राम भेजी गई है। शिकायत के आधार पर डीएलएफ फेज-1 थाने में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता बेंगलुरु का रहने वाला 35 साल का एक ट्रेनी पायलट है। उसने अपने तीन सीनियर्स पर जातिगत उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसे 28 अप्रैल को एमार कैपिटल टॉवर 2 में मीटिंग के लिए बुलाया गया था। उस दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार और भेदभाव किया गया। पीड़ित का आरोप है कि टॉवर में एयरलाइन का हेड ऑफिस पहुंचते ही सीनियर ने उसे अपमानजनक तरीके से अपना फोन और बैग बाहर रखने को कहा।
अपनी शिकायत में पीड़ित पायलट ने बताया कि तीनों अधिकारियों ने 3.30 बजे शुरू हुई 30 मिनट की मीटिंग में जातिवादी टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिकारियों का मकसद उसपर इस्तीफा देने का दबाव बनाना था। शिकायत में लिखा है कि उन्होंने जो बातें कहीं, वे न केवल अपमानजनक थीं, बल्कि एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति के रूप में मेरी पहचान और स्थिति को नीचा दिखाने के उद्देश्य से की गईं थीं।
उधर पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।