भारतीय रेलवे का बड़ा कदम: चित्रकूटधाम कर्वी और प्रतापगढ़ एक्सप्रेस का हुआ विलय, अब 24 कोच के साथ मिलेगी सीधी और आरामदायक यात्रा!
आरएस अनेजा, 9 अगस्त नई दिल्ली - भारतीय रेलवे ने यात्री सुविधा बढ़ाने और ट्रेन परिचालन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 14109/14110 चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस और 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस के विलय को मंजूरी दी है। विलय के बाद यह सेवा 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी।
इस विलय से मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और चित्रकूटधाम कर्वी के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ क्षेत्र और चित्रकूट सहित अन्य महत्वपूर्ण गंतव्यों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
24 कोच की ट्रेन से बढ़ेगी यात्री क्षमता
इस विलय से होने वाले परिचालन लाभों के तहत संयुक्त ट्रेन सेवा की यात्री क्षमता बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में 12 कोच वाली ट्रेन को बढ़ाकर 24 कोच किया जाएगा। इससे उपलब्ध सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और कानपुर-प्रतापगढ़ रेलखंड पर भीड़भाड़ तथा यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
बढ़ी हुई क्षमता से कानपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रतापगढ़ तथा मार्ग के अन्य स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
चित्रकूट और प्रतापगढ़/लखनऊ क्षेत्र के बीच बेहतर सीधी कनेक्टिविटी
विलय के बाद यह सेवा चित्रकूट और लखनऊ-प्रतापगढ़ क्षेत्र के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। यात्रियों को कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
इससे विशेष रूप से तीर्थयात्रा, पर्यटन, शिक्षा, रोजगार और अन्य उद्देश्यों से चित्रकूट, प्रतापगढ़ तथा लखनऊ क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं क्षेत्रीय केंद्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा।
प्रमुख स्टेशनों के बीच बेहतर संपर्क
विलय की गई सेवा मार्ग में आने वाले महत्वपूर्ण स्टेशनों पर अपनी सेवाएं जारी रखेगी। इनमें मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, चिलबिला, मां चंद्रिका देवी धाम अंतू, अमेठी, गौरीगंज, काशिमपुर, जायस, फुरसतगंज, रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां, निगोहां, लखनऊ, मानक नगर, उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, भीमसेन, कठारा रोड, पनारा, घाटमपुर, हमीरपुर रोड, यमुना साउथ बैंक, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, अतर्रा और चित्रकूटधाम कर्वी शामिल हैं।
Previous
भारतीय रेलवे ने मध्य प्रदेश में इटारसी-मदन महल के बीच दैनिक पैसेंजर सेवा शुरू करने की स्वीकृति दी
Next