04/03/25

भारत और नेपाल ने जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य क्षेत्र में मजबूत सहयोग हेतु समझौता किया

आरएस अनेजा, 04 मार्च नई दिल्ली

भारत सरकार और नेपाल सरकार ने आज जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य (वाश) क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया, जिसमें अपशिष्ट प्रबंधन भी शामिल है।

एमओयू पर हस्ताक्षर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और नेपाल सरकार के जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव उपस्थिति में सुषमा स्वराज भवन, नई दिल्ली में किया गया। समझौते का लक्ष्य दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना और वाश क्षेत्र में अंतर सरकारी सहयोग को मजबूत करना है, जिससे नागरिकों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री, सीआर पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी नागरिकों को स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता प्रदान करने में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। श्री पटेल ने बल देकर कहा कि यह समझौता भारत और नेपाल के बीच सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्थिरता एवं क्षेत्रीय सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नेपाल सरकार के जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव ने भारत में बड़े पैमाने पर स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता पहलों को लागू करने में सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेपाल इन क्षेत्रों में भारत के अनुभव से सीखना चाहता है और नेपाली अधिकारी भारत के प्रमुख स्थलों का दौरा करेंगे जिससे वे अंतर्दृष्टि एवं सर्वोत्तम प्रथाओं को जान सकें। उन्होंने आगे कहा कि नियमित बैठकें आयोजित होनी चाहिए जिससे निरंतर प्रगति और आपसी ज्ञान का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जा सके।

यह एमओयू भारत-नेपाल साझेदारी में एक नए अध्याय का प्रतीक है, जो यह सुनिश्चित करता है कि दोनों देश अपने नागरिकों की भलाई एवं सतत भविष्य के लिए मिलकर काम करें।

***

Previous

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी की कार्रवाई

Next

महाकुंभ में सफाई कर्मियों ने नए मानक स्थापित किए, मुख्यमंत्री ने वेतन बढ़ाया और दस हजार बोनस देने की घोषणा की