15/10/25

कुरुक्षेत्र में धान खरीद को लेकर बवाल गुरनाम सिंह चढूनी गिरफ्तार, डीएफएससी को थप्पड़ मारने का आरोप

जे कुमार, कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर — जिले में धान के उठान में हो रही देरी को लेकर किसानों का गुस्सा शुक्रवार शाम फूट पड़ा। किसान अपनी धान की ट्रालियों के साथ लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि उनकी मंडियों से धान का उठान नहीं किया जा रहा, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

धरने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसी बीच विवाद इतना बढ़ा कि गुरनाम सिंह चढूनी ने डीएफएससी (जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक) को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चढूनी और अन्य किसानों को गिरफ्तार कर लिया

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन ने हालात पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। बताया जा रहा है कि किसान कल शाम से ही अपनी ट्रालियों सहित सचिवालय के बाहर डटे हुए थे। पुलिस के उन्हें हटाने के प्रयास के दौरान स्थिति बिगड़ गई।

गिरफ्तारी से पहले पत्रकारों से बातचीत में चढूनी ने कहा कि जब तक किसानों की धान उठान संबंधी समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेशभर के किसानों से अपील की है कि वे अपनी धान लेकर कुरुक्षेत्र लघु सचिवालय पहुंचें और इस संघर्ष में साथ दें। फिलहाल जिले में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

#kurukshetra #gurnamsinghchaduni #arrested #allegedly #slapping #dfscofficer

Previous

हरियाणा : स्टेट पीएसयू के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आएगी एकरूपता

Next

गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में सड़क सुरक्षा टेस्ट आयोजित