20/03/26

कुरुक्षेत्र में फैक्ट्री मालिक ने जालसाजी से सुपरवाइजर के नाम थमाया 40 लाख का कर्ज, धोखे से फाइनेंस करवाईं तीन लग्जरी कारें

हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 20 मार्च (अन्‍नू): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से जालसाजी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक फैक्ट्री संचालक ने अपने ही सुपरवाइजर के भरोसे का फायदा उठाकर उसके नाम पर 40 लाख रुपये से अधिक का कर्ज चढ़ा दिया। पीड़ित सुनील कुमार, जो पिछले 9 वर्षों से अश्वनी कुमार की टंकी बनाने वाली फैक्ट्री में कार्यरत था, ने आरोप लगाया है कि मालिक ने उसे बेहतर भविष्य का लालच देकर उसके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया और तीन महंगी गाड़ियां फाइनेंस करवा लीं। सुनील के अनुसार, उसे हर महीने पूरी सैलरी देने के बजाय मालिक यह कहकर पैसे रोकता था कि एक साथ बड़ी रकम दी जाएगी।



धोखाधड़ी की शुरुआत जनवरी 2025 में हुई, जब आरोपी अश्वनी ने सुनील को झांसा दिया कि उसके नाम पर कार निकलवाकर गुरुग्राम की एक कंपनी में लगवाई जाएगी, जिससे उसे अच्छा मुनाफा और 5 लाख रुपये एकमुश्त मिलेंगे। इसी बहाने आरोपी ने सुनील का आधार कार्ड और पैन कार्ड हासिल कर लिया और डेराबस्सी स्थित एक बैंक में उसका नया खाता खुलवा दिया। शातिर मालिक ने बैंक की पासबुक और चेकबुक अपने पास ही रख ली और सुनील से विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। जब सुनील ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।


मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक अधिकारियों ने सुनील के घर दस्तक दी और किश्तें न भरने पर नोटिस थमाने शुरू किए। जब सुनील ने अपना सिबिल (CIBIL) स्कोर चेक करवाया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। दस्तावेजों के अनुसार, उसके नाम पर इंडियन बैंक से क्रेटा के लिए 13 लाख, महिंद्रा कोटक बैंक से ब्रेजा के लिए 10.25 लाख और टोयोटा फाइनेंस से हाईराइडर के लिए 16.50 लाख रुपये का लोन लिया गया था। कुल मिलाकर सुनील पर 40 लाख रुपये का कर्ज खड़ा कर दिया गया, जबकि उसके पास एक भी गाड़ी नहीं थी।



पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपी मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। सुनील की शिकायत पर कुरुक्षेत्र पुलिस ने आरोपी अश्वनी और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये तीनों कारें पिछले साल मार्च के महीने में खरीदी गई थीं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और बैंक दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।


#KurukshetraNews #FraudCase #BankingScam #HaryanaCrime #LoanFraud #JusticeForSunil #CrimeUpdate #CIBILScore #FinancialFraud #PoliceInvestigation #DanikKhabar

Previous

आगरा में भीषण सड़क हादसा: कैलादेवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत

Next

राजस्थान दिवस के अवसर परअल्बर्ट हॉल पर राज्य स्तरीय भव्य सांस्कृतिक संध्या का हुआ आयोजन