05/03/26

कुरुक्षेत्र में होली का जश्न मातम में बदला: तेज रफ्तार कार ने तीन बाइकों को रौंदा, 20 वर्षीय युवक की मौत

हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 05 मार्च (अन्‍नू): कुरुक्षेत्र के शादीपुर गांव के पास होली के पावन पर्व पर एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क पर जा रही तीन मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 20 साल के नमन पाल नामक युवक की जान चली गई। हादसे के वक्त नमन अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार था। इस दर्दनाक घटना में नमन के चार अन्य दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।


मृतक के पिता साहब सिंह ने बताया कि वे सेक्टर-5 में चाय की दुकान चलाते हैं और हादसे के वक्त वे स्वयं अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात अपने बेटे नमन और उसके दोस्त अरुण से हुई थी। बातचीत के बाद जैसे ही नमन और उसके दोस्त आगे बढ़े, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार (HR 01AR-2943) ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने अन्य दो बाइकों को भी टक्कर मार दी, जिससे सभी युवक सड़क पर जा गिरे।



सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नमन को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया। अन्य घायल दोस्तों, जिनमें अरुण, सोमेश, सागर और गौरव शामिल हैं, का इलाज एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में जारी है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


#KurukshetraNews #RoadAccident #HoliTragedy #HaryanaNews #SpeedKills #JusticeForNaman #SafetyFirst

Previous

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष उतरे फील्ड में, अफसरों के साथ आनासागर झील का दौरा किया

Next

हरियाणा में मार्च की शुरुआत से ही भीषण गर्मी का प्रकोप, सामान्य से 6 डिग्री ऊपर पहुंचा पारा