झज्जर: सहवाग स्कूल के पास झाड़ियों में मिले शवों का मामला; डबल मर्डर केस में राजस्थान का आरोपी कपिल गिरफ्तार
झज्जर, 6 सितंबर (अन्नू): झज्जर-गुरुग्राम रोड पर सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के सामने झाड़ियों में मिले कामिल और उसके साथी इरशाद उर्फ भोलू के चर्चित डबल मर्डर केस में झज्जर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सदर झज्जर पुलिस ने मामले में वांछित एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कपिल (निवासी: बोरिंग बरड़ौद, जिला अलवर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
6 जुलाई को मिले थे शव; डीजल चोरी में हिस्सेदारी को लेकर हुआ था विवाद:
झाड़ियों में मिले थे शव: 6 जुलाई की सुबह झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर झाड़ियों से मुजफ्फरनगर (यूपी) के जौला गांव निवासी कामिल और उसके मुंशी/ड्राइवर इरशाद उर्फ भोलू के शव मिले थे। शरीर पर चोट के निशान थे और पोस्टमार्टम में गोली मारे जाने की पुष्टि हुई थी।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश: जांच में खुलासा हुआ कि दोनों की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शवों को सहवाग स्कूल के पास झाड़ियों में फेंका गया था और उन्हें जलाने का प्रयास भी किया गया था।
डीजल चोरी का नेटवर्क बनी हत्या की वजह: पुलिस जांच के अनुसार, मृतक लंबे समय से अवैध डीजल चोरी के नेटवर्क से जुड़े थे। कारोबार में पैसों और हिस्सेदारी के विवाद को लेकर ही इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। कामिल नीमराणा में पीजी और प्रॉपर्टी का काम भी करता था।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां: मामले में पुलिस पहले ही सतीश (निवासी: किर्ठल, बागपत) और विक्रम उर्फ लंबू (निवासी: देहमी, अलवर) को गिरफ्तार कर चुकी है।
6 दिन के रिमांड पर आरोपी कपिल: डीसीपी झज्जर धारणा यादव के मार्गदर्शन में एसआई मोहित की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कपिल को दबोचा। 6 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार, वाहन और अन्य फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया जाएगा।
#JhajjarNews #JhajjarPolice #HaryanaPolice #DoubleMurder #CrimeNews #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
पंचकूला: देर रात चेकिंग में 3 अंडरएज युवकों की बाइक का ₹18 हजार का चालान; बिना हेलमेट ट्रिपलिंग पर बाइक इंपाउंड
Next