22/03/26

गुरुग्राम: रिहायशी मकान और गोदाम में भीषण आग, जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदे लोग; लाखों का नुकसान

हरियाणा/गुरुग्राम, 22 मार्च (अन्‍नू): हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कादीपुर क्षेत्र में शनिवार शाम एक रिहायशी इमारत में उस समय हड़कंप मच गया, जब इसके ग्राउंड फ्लोर पर बने ग्रोसरी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने दूसरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त घर के अंदर करीब 8 लोग मौजूद थे, जो कमरों में धुआं भरने के कारण फंस गए। दम घुटने जैसी स्थिति पैदा होने पर अपनी जान बचाने के लिए लोगों को मजबूरन छत से नीचे कूदना पड़ा। इस घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें फंसे हुए लोग नीचे खड़े लोगों के शोर के बीच जान जोखिम में डालकर कूदते नजर आ रहे हैं।



प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि सीढ़ियों से उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। खुद को बचाने के प्रयास में करीब 4-5 लोग मकान के पिछले हिस्से से कूदे, जबकि कुछ अन्य ने पड़ोसी की छत का सहारा लिया। इस आपाधापी में दो लोगों के पैरों में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन गोदाम में रखा करीब 3 लाख रुपये का किराने का सामान और घर का काफी हिस्सा जलकर खाक हो गया। दमकल अधिकारी अभी आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।



गौरतलब है कि गुरुग्राम में पिछले कुछ दिनों से आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। करीब दस दिन पूर्व बसई स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग में मध्य प्रदेश के रहने वाले एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं, महज दो दिन पहले सेक्टर 28 के एक पीजी (PG) में भी शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी, जहाँ दमकल विभाग ने समय रहते 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। बार-बार हो रहे इन हादसों ने शहर में सुरक्षा मानकों और फायर ऑडिट की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



#GurugramNews #FireAccident #GurgaonDiaries #KadipurFire #RescueOperation #HaryanaNews #FireSafety #BlinkitOffice #LiveRescue #PublicSafety #DanikKhabar

Previous

नूंह: नहेदा गांव में गोवंश तस्करी का मामला, पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी; तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

Next

रोहतक: बलंभा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से छात्र निकू सिवाच की दर्दनाक मौत