जिला परिषद जयपुर की नवीन पहल, ग्राम पंचायत नायन को मिलेगी नई पहचान
एन.एस.बाछल, 26 सितम्बर, जयपुर।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जयपुर जिले में प्लास्टिक मुक्त गांव की परिकल्पना को साकार करते हुए जिला परिषद् जयपुर की पंचायत समिति शाहपुरा की ग्राम पंचायत नायन में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई (पीडब्लूएमयू) की स्थापना की गई है, जो कि राजस्थान में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अन्तर्गत स्थापित की गयी ऐसी सर्वप्रथम इकाई है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जयपुर की पहल पर जिला परिषद् जयपुर द्वारा प्लास्टिक कचरा प्रबन्धन इकाई की स्थापना के लिए 16 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। प्लास्टिक कचरे के प्रसंस्करण के लिए इस इकाई में आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी जैसे डस्ट रिमूवर, प्लास्टिक श्रेडर मशीन, प्लास्टिक बेलिंग मशीन, वजन मशीन इत्यादि। उक्त कार्य का लोकार्पण स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के समापन दिनांक एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती 02, अक्टूबर 2025 को किया जाना प्रस्तावित है। इस पहल का उद्देश्य पंचायत समिति शाहपुरा के ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे का बेहतर प्रबंधन करना, प्रदूषण को कम करना और आमजन को इसके हानिकारक प्रभावों से निजात दिलाना है। इस इकाई की स्थापना ग्राम पंचायत नायन में पहले से निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के अन्दर की गयी है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है एवं इससे ग्रामीणों एवं स्वयं सहायता समुह की महिलाओं को रोजगार के नये अवसर भी प्राप्त होगें। आगामी प्लास्टिक कचरा प्रबन्धन इकाई विराटनगर में स्थापित किया जाना प्रस्तावित है।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan