गुरुग्राम के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में दो तेंदुओं का आतंक: पशुओं के शिकार के बाद ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन से मदद की गुहार
गुरुग्राम, 29 अगस्त (अन्नू): गुरुग्राम जिले में अरावली पहाड़ियों की तलहटी में बसे मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में इन दिनों दो तेंदुओं के आतंक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। अरावली की पहाड़ियों से सटे इस क्षेत्र में तेंदुए रात के समय झाड़ियों से निकलकर गांव की ओर आ रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
पशुओं पर हमले और किसानों पर पड़ता असर
गांव में गाय चराने वाले लाला नामक ग्रामीण ने बताया कि तेंदुए उनके घर के पास से दो बछियों और एक बछड़े को शिकार बनाकर ले जा चुके हैं। इस आतंक का सबसे ज्यादा असर किसानों और पशुपालकों पर पड़ रहा है। शाम ढलते ही खेतों की ओर जाने वाले रास्ते सूने हो जाते हैं और किसान अंधेरा होने से पहले ही अपने घरों को लौटने पर मजबूर हैं।
पशुपालकों का रातभर पहरा
तेंदुओं के डर से पशुपालक रातभर जागकर अपने पशुओं की रखवाली करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पशुओं को बांधने वाले स्थानों के पास रातभर निगरानी रखी जाती है, ताकि आहट होते ही सतर्क हुआ जा सके। अरावली के करीब रहने वाले परिवारों के लिए पशुपालन करना भी अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।
वन विभाग और प्रशासन से जल्द कदम उठाने की मांग
ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है कि आज पशु निशाने पर हैं तो कल किसी इंसान की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का शाम के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि तत्काल टीम तैनात कर तेंदुओं को सुरक्षित पकड़ा जाए और गांव के आसपास निगरानी बढ़ाई जाए।
#GurugramNews #HaryanaNews #LeopardTerror #MohammadpurGurjar #AravaliHills #WildlifeDepartment #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
फरीदाबाद के सारण गांव में संपत्ति विवाद में खूनी वारदात: छोटे भाई ने बड़े भाई पर चलाई गोली, हालत गंभीर
Next