झज्जर में गैंगवार: पुरानी रंजिश और फायरिंग का बदला लेने के लिए हितेश पर बरसाईं 30 गोलियां, शरीर छलनी
झज्जर, 17 मई (अन्नू): हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे खूनी गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 24 वर्षीय हितेश उर्फ गुल्लू जैसे ही अपने एक दोस्त के साथ घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार में बैठा, तभी बलेनो गाड़ी में सवार होकर आए 3-4 नकाबपोश बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने हितेश को निशाना बनाते हुए करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे उसका पूरा शरीर छलनी हो गया और मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कोसली की विपरीत दिशा से होते हुए फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर दौड़े परिजन और ग्रामीण खून से लथपथ हितेश को लेकर झज्जर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
हितेश के शव के पोस्टमार्टम में डॉक्टरों को उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने के पुख्ता सबूत मिले हैं। डॉक्टरों ने हितेश के शरीर से एक गोली बरामद की है, जबकि 9 गोलियां उसके शरीर को आर-पार चीरती हुई निकल गईं। इसके अलावा 3 गोलियां उसके शरीर को छूकर गुजरी हैं। डॉक्टरों को हितेश के शरीर से कांच के बारीक टुकड़े भी मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि अंधाधुंध फायरिंग के दौरान कार के शीशे टूटने की वजह से ये टुकड़े उसके जिस्म में धंस गए थे।
फायरिंग का बदला लेने की सनक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश और बदले की भावना का नतीजा है। कुछ दिन पहले ही मृतक हितेश के पक्ष की तरफ से गिरधपुर गांव के रहने वाले डीकेश पक्ष पर जानलेवा हमला करते हुए गोलियां चलाई गई थीं। आरोपी पक्ष तभी से इस हमले का बदला लेने की ताक में था और मौका मिलते ही उन्होंने हितेश की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों में से एक मुख्य आरोपी की पहचान गिरधपुर निवासी डीकेश कुमार के रूप में हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
2022 से जारी है गैंगवार, मृतक पर 5 केस
डीसीपी धारणा यादव ने बताया कि मारे गए हितेश उर्फ गुल्लू का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) सहित कुल 5 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक, साल 2022 से ही सुबाना और आसपास के गांवों के युवाओं के बीच वर्चस्व को लेकर गैंगवार जैसी स्थिति बनी हुई है। इस बीच, सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी लेने की भी चर्चाएं गर्म हैं, जिसे लेकर पुलिस हर तकनीकी और खुफिया एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।
पकड़ के लिए एसटीएफ और सीआईए तैनात
वारदात की गंभीरता और इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एसीपी शमशेर सिंह ने बताया कि माछरौली थाना पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की स्थानीय टीमों के साथ-साथ क्राइम यूनिट, सीआईए (CIA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही सभी शूटरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#JhajjarCrime #HaryanaGangwar #MurderCase #HaryanaPolice #STF #CrimeNews #Gangwar #JhajjarNews #DanikKhabar
Previous
देश में नार्को-टेररिज्म पर सबसे बड़ी चोट: 'ऑपरेशन रेजपिल' के तहत भारत में पहली बार पकड़ी गई 'जिहादी ड्रग' कैप्टागॉन
Next