गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेजअम्बाला कैंट में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के तहत कपड़ा दान अभियान सफलतापूर्वक संपन्न
जे कुमार, अम्बाला 29 नवम्बर : - गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज,अम्बाला कैंट (NAAC A++ मान्यता प्राप्त) में “वेस्ट टू वेल्थ” पहल के अंतर्गत कपड़ा दान अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। दो दिन चले इस कपड़ा दान अभियान का आयोजन इको क्लब, एन एस एस यूनिट, एस डी जी क्लब, स्वच्छ भारत मिशन सेल और समाजशास्त्र विभाग द्वारा नगर परिषद अंबाला सदर के सहयोग से किया गया। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य “कचरे से कीमती वस्तु” की अवधारणा को प्रोत्साहित करना और सेल्फ हेल्प ग्रुप (एस एच जी) से जुड़ी महिलाओं के लिए आय-सृजन के अवसरों को सशक्त करना था।
इस अभियान की संकल्पना, योजना और सफल संचालन में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त का दूरदर्शी नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उनके स्पष्ट दृष्टिकोण, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग ने न केवल कार्यक्रम को व्यवस्थित बनाया, बल्कि विद्यार्थियों एवं स्टाफ में सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण जागरूकता को भी सुदृढ़ किया।
प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज सदैव समाज और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील पहलों को बढ़ावा देता रहा है। ‘वेस्ट टू वेल्थ’ जैसे अभियान न केवल छात्रों में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें वास्तविक सामाजिक योगदान का अवसर भी प्रदान करते हैं। इस कपड़ा दान अभियान से हम न सिर्फ जरूरतमंदों की सहायता कर रहे हैं बल्कि इस एच जी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहयोग दे रहे हैं। मैं पूरे कॉलेज परिवार को उनके सहयोग और उत्साह के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूँ।
कपड़ा दान अभियान में कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने उपयोग योग्य एवं स्वच्छ कपड़ों का दान कर जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई तथा पुनर्चक्रण, स्थायी विकास और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया।
#ambala #News #gmncollege #Waste to Wealth'