03/03/25

हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री 83 वर्षीय सतपाल सांगवान का गुरुग्राम मेदांता अस्पताल में निधन हो गया

आरएस अनेजा, 03 मार्च नई दिल्ली

हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री 83 वर्षीय सतपाल सांगवान का आज सुबह करीब तीन बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।

सतपाल सांगवान पिछले कुछ दिनों से लीवर कैंसर से पीड़ित थे। उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी, इलाज के लिए उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उनकी तबीयत में सुधार नहीं होने पर आज प्रात: उनका निधन हो गया। गौरतलब है सतपाल सांगवान दादरी से वर्तमान विधायक सुनील सांगवान के पिता थे।

सतपाल सांगवान का अंतिम संस्कार आज (3 मार्च) दोपहर 2 बजे दादरी जिले के उनके पैतृक गांव चंदेनी में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 9 बजे दादरी निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके निवास स्थान पर श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। पूर्व सीएम बंसीलाल उनको बुलडोजर के नाम से पुकारते थे।

सतपाल सांगवान चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र से 6 बार चुनाव लड़ा और दो बार विधायक भी बने। पहली बार वे 1996 में हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर विधायक बने, दूसरी बार 2009 में हजकां (हरियाणा जनहित कांग्रेस) से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। बाद में हजकां का कांग्रेस में विलय हुआ, जिससे वे भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में सहकारिता मंत्री बने।

साल 2024 में सतपाल सांगवान बीजेपी में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद उन्होंने ज्यादा उम्र होने के कारण अपने बेटे को चुनाव लड़ाया था। उनके बेटे ने विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की और विधायक बन गए।

सतपाल सांगवान जनता के बीच लोकप्रिय नेता थे और क्षेत्र के विकास में उनका अहम योगदान रहा।

Previous

आज 03 मार्च के मुख्य समाचार और इतिहास

Next

मंदिरों से भारत की आध्‍यात्मिक कीर्ति दुनियाभर में फैली