09/05/26

आजादी के बाद पहली बार अजमेर के तारागढ़ किले का होगा विकास

एन.एस.बाछल, 09 मई, जयपुर।

अजमेर की ऐतिहासिक पहचान, गौरव और वीरता के प्रतीक सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़े तारागढ़ किले एवं इसके समीप के पहाड़ी क्षेत्र का शीघ्र ही व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तारागढ़ क्षेत्र का विस्तृत अवलोकन किया तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान परकोटे, संपर्क मार्ग, ऐतिहासिक भवनों, प्राचीन संरचनाओं एवं चौहान शासकों से जुड़े शिलालेखों के संरक्षण और विकास को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।

आजादी के बाद पहली बार समुद्र तल से लगभग 870 फीट ऊंचाई पर स्थित तारागढ़ किले एवं क्षेत्र के समग्र विकास और संरक्षण की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सम्राट पृथ्वीराज चौहान की वीरता, गौरव और अजमेर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े इस धरोहर क्षेत्र को विकसित करने के लिए  राज्य सरकार ने गत बजट में 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से अजमेर की ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान देने के साथ-साथ इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि तारागढ़ प्रतापी सम्राट पृथ्वीराज चौहान की वीरता, स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इसे उसी ऐतिहासिक गरिमा और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप विकसित किया जाएगा । उन्होंने  परकोटे से लेकर तारागढ़ संपर्क मार्ग, पुराने भवनों, ऐतिहासिक संरचनाओं एवं अन्य निर्मित धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के कार्य योजनाबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए ।

उन्होंने कहा कि तारागढ़ क्षेत्र का विकास सर्वे प्लान के आधार पर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक शिलालेखों, प्राचीन अवशेषों एवं अजयराज सहित अन्य चौहान शासकों से जुड़े इतिहास को खोजने, संरक्षित करने और आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इससे आने वाली पीढ़ियों को अजमेर के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जा सकेगा।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इससे आमजन एवं पर्यटकों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि तारागढ़ विकास योजना के अंतर्गत जीर्णाेद्धार, म्यूजियम, पार्क, पार्किंग, कैफे तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त अजमेर और सम्राट पृथ्वीराज चौहान के इतिहास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री, लेजर शो एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतीकरण जैसे नवाचारों पर भी विचार किया जा रहा है। इससे पर्यटकों को ऎतिहासिक अनुभव आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्राप्त हो सके।

जिला कलक्टर लोकबंधु ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद तारागढ़ क्षेत्र अजमेर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में नई पहचान प्राप्त करेगा। इससे स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही अजमेर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला, अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त नित्या के., सचिव अनिल पूनिया, तहसीलदार ओम सिंह लखावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

हरियाणा के गेस्ट टीचर्स के लिए खुशखबरी: मानदेय में बढ़ोतरी, अब PGT को मिलेंगे ₹49,400 और JBT को ₹36,700

Next

विधानसभा अध्यक्ष राजस्थान के प्रयास से बालिका शिक्षा संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम