10/04/26

कुरुक्षेत्र में 2 दिन और बढ़ी दमकलकर्मियों की हड़ताल; अब शनिवार तक थमे रहेंगे चक्के

कुरुक्षेत्र, 10 अप्रैल (अन्‍नू): कुरुक्षेत्र जिले में दमकल विभाग के कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल वीरवार को भी पूरी मजबूती के साथ जारी रही। यूनियन के प्रधान मनजीत सिंह ने जानकारी दी कि वीरवार को प्रदेश के मंत्री विपुल गोयल के साथ कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की वार्ता किसी सकारात्मक नतीजे पर नहीं पहुँच सकी। सरकार के अड़ियल रवैये को देखते हुए संगठन ने अब हड़ताल को दो दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके चलते अब शुक्रवार और शनिवार को भी जिले के दमकल केंद्र सूने रहेंगे और कर्मचारी प्रदर्शन जारी रखेंगे।


65 कर्मचारी हड़ताल पर, सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित

हड़ताल के चलते जिले की फायर ब्रिगेड व्यवस्था पर खासा असर देखा जा रहा है। कुल 80 कर्मचारियों में से करीब 65 कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं, जबकि केवल 15 कर्मचारियों के भरोसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था छोड़ी गई है। गनीमत यह रही कि हड़ताल के दौरान जिले में आगजनी की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई। यूनियन का कहना है कि उन्होंने प्रशासन और महानिदेशक को पहले ही सूचित कर दिया था, लेकिन सरकार ने मांगों को गंभीरता से नहीं लिया।



बलिदानी का दर्जा और वर्दी भत्ते जैसी मुख्य मांगें

यूनियन की मांगों में फरीदाबाद में 16 फरवरी को ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दो कर्मचारियों को 'बलिदानी' का दर्जा देना सबसे प्रमुख है। इसके अलावा, कर्मचारी कौशल रोजगार निगम को भंग कर कर्मियों को विभागीय रोल पर लाने, 5,000 रुपये जोखिम भत्ता, 7,500 रुपये वर्दी भत्ता और पिछले 6 सालों से लंबित वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं। साथ ही ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया को रोकने और बिना शर्त एसीपी (ACP) लागू करने जैसी मांगें भी लंबे समय से अधूरी हैं।


प्रदर्शन में शामिल मुख्य पदाधिकारी

हड़ताल के दौरान हाकम सिंह, कुलदीप सिंह, जगमीत सिंह, करनैल सिंह और अभिनव अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में दमकलकर्मी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार लिखित में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। आगामी दो दिनों की हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाओं के लिए प्रशासन को वैकल्पिक इंतजाम करने की चुनौती होगी।



#KurukshetraNews #FireBrigadeStrike #HaryanaNews #Firefighters #EmployeeProtest #VipulGoel #HaryanaGovernment #StrikeAlert #DanikKhabar

Previous

लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय पदक: पैरा राइफल शूटर रीना रानी ने सांसद नवीन जिंदल से की मुलाकात; हर संभव मदद का मिला आश्वासन

Next

अंबाला साहा पुलिस का 'नशा तस्करों' पर डबल अटैक: 8.89 ग्राम हेरोइन मामले में मुख्य तस्कर के बाद अब साथी 'पारस' भी गिरफ्तार