गैंगवार का डर: लॉरेंस का पूर्व साथी मुल्तानी पहुंचा हाईकोर्ट, सुरक्षा पर 20 दिन में फैसले का आदेश
अभिकान्त, 30 अप्रैल चंडीगढ़ : पंजाब में गहराते गैंगवार के संकट के बीच कभी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के करीबी रहे अमनदीप मुल्तानी ने अपनी सुरक्षा को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की शरण ली है। मुल्तानी ने याचिका दायर कर दावा किया है कि उसे विरोधी गैंगस्टर लकी पटियाल और डोनी बल के गुटों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस के एडीजीपी (सुरक्षा) को 20 दिनों के भीतर मुल्तानी के खतरे का आकलन करने और रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया है।
याचिका में मुल्तानी ने अपने जीवन के उतार-चढ़ाव का विस्तार से जिक्र किया है। उसने स्वीकार किया कि छात्र जीवन के दौरान वह लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के संपर्क में आया था, जिसके कारण उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हुए। हालांकि, मुल्तानी का दावा है कि वह उन सभी मामलों में अदालत से बरी हो चुका है और अब उसके खिलाफ कोई केस लंबित नहीं है। काफी समय अमेरिका में बिताने के बाद वह इसी साल भारत लौटा है और अब कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाते हुए सामाजिक जीवन जी रहा है।
मुल्तानी का कहना है कि भले ही वह अब अपराध की दुनिया छोड़ चुका है, लेकिन उसका अतीत उसका पीछा नहीं छोड़ रहा। पंजाब में मौजूदा गैंगवार के हालातों में विरोधी गैंग पुराने सहयोगियों को निशाना बना रहे हैं। मुल्तानी ने अदालत को बताया कि लकी पटियाल और डोनी बल गुट की ओर से उसे फोन पर धमकियां मिल रही हैं। उसे डर है कि गैंगस्टरों की आपसी रंजिश में उसे बलि का बकरा बनाया जा सकता है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक की सुरक्षा की गुहार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अदालत ने एडीजीपी (सुरक्षा) को निर्देश दिया कि वे मुल्तानी के पुराने संबंधों, वर्तमान राजनीतिक सक्रियता और मिल रही धमकियों का निष्पक्ष 'थ्रेट असेसमेंट' करें। यदि जांच में खतरा वास्तविक पाया जाता है, तो उसे तुरंत उचित सुरक्षा मुहैया कराई जाए। यह पूरी प्रक्रिया 20 दिनों के भीतर संपन्न करने के आदेश दिए गए हैं।
#PunjabCrime #LawrenceBishnoi #AmanMultani #HighCourt #SecurityThreat #PunjabPolitics #Gangwar #LuckyPatial #BreakingNews #Chandigarh #JusticeUpdate #DanikKhabar
Previous
यमुनानगर: ससुराल आए यूपी पुलिस के जवान पर हमला, वर्दी फाड़ी और मोबाइल तोड़ा
Next