फाजिल्का: भारत-पाक सीमा के पास खेत में मिला पाकिस्तानी ड्रोन, पुलिस और बीएसएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
फाजिल्का, 14 मई (अन्नू): पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी की कोशिशें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटनाक्रम में फाजिल्का के गांव चक्क बाजीदा में एक किसान के खेत में पाकिस्तानी ड्रोन बरामद हुआ है। पुलिस चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह ने बताया कि बीएसएफ से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गेहूं के नाड़ (अवशेषों) के बीच गिरे इस ड्रोन को कब्जे में ले लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
तकनीकी खराबी या बैटरी खत्म होने की आशंका
प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह ड्रोन संभवतः हेरोइन की खेप भारतीय सीमा में गिराने के बाद वापस पाकिस्तान लौट रहा था। कयास लगाए जा रहे हैं कि वापसी के दौरान या तो ड्रोन की बैटरी खत्म हो गई या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से वह सीमा के इस पार ही गिर गया। पुलिस अब ड्रोन के साथ अटैच किए गए उपकरणों की जांच कर रही है ताकि इसके उड़ान मार्ग और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
जलालाबाद थाने में मामला दर्ज, खुफिया तंत्र सक्रिय
इस बरामदगी के बाद थाना सदर जलालाबाद में कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अपने खुफिया स्रोतों और स्थानीय नेटवर्क को सक्रिय कर दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ड्रोन के जरिए भेजी गई खेप को रिसीव करने वाला स्थानीय लिंक कौन था। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और मामले में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
#FazilkaNews #PakistaniDrone #BSF #PunjabPolice #DanikKhabar #DrugTrafficking #BorderSecurity #NashaMuktBharat #BreakingNews #JalalabadNews
Previous
"पेपर लीक मामले में ऐसी कार्रवाई होगी कि इसके बाद कोई पेपर लीक करने बारे सोचेगा नहीं" : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
Next