12/10/25

 किसान को फसल अवशेष प्रबंधन करने पर मिलेगी 1200 रु प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि: डीसी

जे कुमार, अम्बाला 12 अक्टूबर - डीसी अजय सिंह तोमर ने किसानों से आह्वान किया है कि वे धान कटाई के बाद बचने वाले फसल अवशेष (पराली) को जलाने की बजाय इसका वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर अपनी आय को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि पराली को जलाना न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति को नष्ट करता है, बल्कि वायु प्रदूषण फैलाकर मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।


उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पराली प्रबंधन को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। कृषि विभाग के प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार ग्रामीणों व अन्य को पराली प्रबंधन के बारे जानकारी भी दी जा रही है।

इसके साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं, प्रोत्साहन राशि तथा आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।


डीसी ने किसानों से अपील की कि वे पराली को बोझ नहीं बल्कि अवसर समझें और इसका प्रबंधन कर इसे आय का स्रोत बनाए। फसल अवशेष प्रबंधन करने पर किसानों को विभाग द्वारा 12 सौ रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि जागरूक किसान न केवल अपनी आय बढ़ा सकते हैं बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि इस सीजन में पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान पराली जलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


बॉक्स:  कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. जसविन्द्र सैनी ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग अम्बाला शहर में स्थापित कमरा नम्बर 17 को कन्ट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका दूरभाष नम्बर 0171-2530517 हैं व नोडल अधिकारी का मोबाईल नम्बर 9416673733 है। इस नम्बर पर कोई भी व्यक्ति फोन करके पराली प्रबंधन हेतू कृषि यंत्रों की जानकारी ले सकता है। इसके अलावा पराली जलाने जैसी घटनाओं बारे जानकारी एवं शिकायत भी दी जा सकती है।

#ambala #news #dcambala #cropresidue #management

Previous

नशे के खिलाफ अभियान में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अति आवश्यक : एसपी

Next

पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 तक के बच्चों को पिलाई जा रही है पोलियो ड्रॉपस