04/10/25

किसान पराली जलाने की बजाय उसका वैकल्पिक करें उपयोग : डीसी

जे कुमार, पलवल, 4 अक्तूबर - डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला के किसानों से अपील की है कि वे धान की फसल की कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाएं। पराली जलाने से वातावरण में प्रदूषण फैलता है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है तथा प्रदूषण स्तर बढ़ने से सांस और आंखों की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।


डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि पराली जलाने पर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। किसी भी किसान या व्यक्ति द्वारा पराली जलाए जाने की सूचना मिलने पर संबंधित के खिलाफ जुर्माना एवं दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी, जिसके तहत 5 हजार रुपए से लेकर 30 हजार रुपए तक जुर्माना, एफआईआर दर्ज करवाई जा सकती है तथा अगले दो वर्षों तक एमएसपी पर फसल बेचने पर रोक लग सकती है।


उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि पराली जलाने की बजाय उसका वैकल्पिक उपयोग करें जैसे - पशु चारे के रूप में उपयोग, कम्पोस्ट बनाने, बायो सीएनजी उत्पादन, हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर जैसी कृषि मशीनों का प्रयोग कर पराली प्रबंधन किया जा सकता है। उपायुक्त ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन के लिए मशीनें सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा ग्राम स्तर पर पर्यावरण मित्रों और कृषि अधिकारियों की टीम किसानों को जागरूक करने का कार्य कर रही है।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी आह्वान किया है कि यदि कहीं पराली जलाने की घटना दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से संचालित किए जा रहे हेल्पलाइन नंबर 01275-254060 पर दें, ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।


उन्होंने कहा कि इस कार्य में कोताही व लापरवाही करने वाले संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कहीं भी कोई किसान पराली जलाता है तो उसे ऐसा करने से रोकें और उन्हें पराली जलाने से होने वाले नुकसान से अवगत कराए। यदि कोई खेत में पराली जलाता हुआ पकड़ा जाता है तो उस पर जुर्माना सहित एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करें।

#palwal #news #farmers #dc

Previous

अम्बाला छावनी स्टेशन पर के प्लेटफार्म पर महिला ने बच्ची को जन्म दिया 

Next

थाना शहजादपुर क्षेत्र से अवैध देसी पिस्टल व 05 जिन्दा रौन्द सहित आरोपी गिरफ्तार